स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने पर्यावरण संरक्षण को छेड़ा अभियान

वन विभाग के सहयोग से कोटला कलां में रोपे 1700 पौधे, 
जिला में पौधरोपण पर खर्च किये जा रहे 2.55 लाख।

ऊना : स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष अभियान छेड़ा है। भारतीय स्टेट बैंक और वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में इस अभियान का आगाज वीरवार को ऊना जिला मुख्यालय के समीपवर्ती कोटला कलां से किया गया। करीब 2 लाख 55 हजार रुपये की इस योजना के तहत 1700 पौधे रोपित किए जाएंगे। वन मंडल अधिकारी मृत्युंजय माधव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर वन विभाग और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों कर्मचारियों ने पौधारोपण किया वहीं ग्राम पंचायत के पदाधिकारी भी इस अभियान में विशेष रूप से शामिल हुए। इस मौके पर वन मंडल अधिकारी मृत्युंजय माधव ने बताया कि वन विभाग के सहयोग से विभिन्न संस्थाओं और विभागों द्वारा पौधारोपण अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधों का रोपण करना और साथ ही साथ उनका संरक्षण करना बेहद जरूरी है। डीएफओ ने बताया कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पौधारोपण की सफलता 90 से 95 फ़ीसदी तक सामने आई है। जिसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मजबूत कदम के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि सभी लोग एक एक पौधा अवश्य रूप से रोपित करें और उसका संरक्षण भी सुनिश्चित करें ताकि ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को कम किया जा सके और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत किया जा सके।