Success Story: बिहार में सिविल जज बनीं चाईबासा की बेटी, घर पर रहकर अनवारा खातून ने की थी तैयारी

Anwara Khatoon Success Story: कुछ करने का मन में ठानो और उसे हासिल करने के लिए सही दिशा में मेहनत करो तो सफलता आपको जरूर मिलेगी। यह साबित कर दिखाया है झारखंड के चाईबासा की बेटी अनवारा खातून ने। अनवारा खातून चाईबासा से जज बनने वाली दूसरी बेटी हैं। अनवारा बिहार में जज बनी हैं।

चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा की बेटी अनवारा खातून बिहार में सिविल जज बनी हैं। अनवारा खातून 31वीं बिहार ज्यूडिशियल सर्विस प्रतियोगिता परीक्षा में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पद पर नियुक्ति के लिए 77वीं रैंक के साथ सफल घोषित हुई। अनवारा की इस सफलता से परिवार के लोगों में खुशी है। चाईबासा में बड़ीबाजार निवासी मोहम्मद फिरोज की बेटी अनवारा खातून चाईबासा से जज बनने वालीं दूसरी बेटी हैं। इससे पहले चाईबासा व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष मिश्रा की बेटी बंगाल ज्यूडिशियल सर्विसेस प्रतियोगिता से चयनित होकर सिविल जज के पद पर पदस्थापित है। अनवारा शहर की दूसरी बेटी है, जो बिहार में सिविल जज के रूप में पदस्थापित होगी।
घर पर रहकर अनवारा खातून ने की थी तैयारी
बिहार में सिविल जज के लिए चयनित अनवारा खातून के पिता बड़ी बाजार निवासी मोहम्मद फिरोज का साधारण परिवार है। वे बड़ीबाजार में कपड़े का थोक व्यापार करते हैं। बेटी अनवारा खातून अलीगढ़ में पढ़ाई करती थीं। लॉकडाउन के दौरान चाईबासा आ गईं और यहीं रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी की। अपनी तैयारी के दम पर अनवारा खातून ने 31वीं बिहार ज्यूडिशियल सर्विसेस प्रतियोगिता परीक्षा में 77वीं रैंक हासिल की।
अंजुमन इस्लामिया ने अनवारा को किया सम्मानित
अनवारा खातून के सिविल जज के पद पर चयन से समाज में खुशी है। अंजुमन इस्लामियां चाईबासा के मो अखीलुल रहमान, नाईक सदर अख्तर रोमानी, सचिव फैयाज खान, सह सचिव इकबाल अहमद, खजांची मो वसीउद्दीन आदि ने उनके आवास पर पहुंच कर फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। अंजुमन इस्लामियां ने अनवारा खातून के उज्वल भविष्य की कामना की है।