सुनील शेट्टी ने बेटी अथिया शेट्टी की शादी के बाद उनके और दामाद केएल राहुल के लिए एक दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा है, जो चर्चा में है। सुनील शेट्टी ने भगवान से अपने बच्चों के लिए आशीर्वाद मांगते हुए उन्हें अच्छी जिंदगी की एक सीख भी दी है।

अपनी लाडली की शादी में Suniel Shetty ने हर जिम्मेदार बखूबी निभाई। वह खुद ही सारी व्यवस्थाएं देख रहे थे और इस बात का ध्यान रख रहे थे कि किसी को भी कोई तकलीफ न हो। यही नहीं, सुनील शेट्टी ने पपाराजी और मीडिया का भी बहुत ध्यान रखा। उनके लिए खाने और रहने का इंतजाम तो किया ही बाद में मिठाई देने भी खुद ही पहुंचे।
बेटी अथिया और दामाद के लिए पोस्ट
Athiya Shetty की शादी के मौके पर खुशी सुनील शेट्टी के चेहरे पर साफ झलक रही थी। उन्होंने तब मीडिया से बात करते हुए कहा भी था कि वह अब ससुर बन गए हैं, पर एक बेटा मिला है, जो अच्छा है। अब सुनील शेट्टी ने अथिया और दामाद KL Rahul के लिए दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा है। साथ ही भगवान से अपने बच्चों के लिए आशीर्वाद मांगा है। सुनील शेट्टी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अथिया और केएल राहुल की शादी की एक तस्वीर शेयर की। इसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे फेरे लेते नजर आ रहे हैं। साथ में सुनील शेट्टी ने लिखा, ‘हमेशा पकड़ने के लिए एक हाथ है और विश्वास करने का एक कारण क्योंकि कभी-कभी एक व्यक्ति ही सही जगह होता है और सही सामग्री प्यार और विश्वास होती है। मेरे बच्चों को बधाई और भगवान उन्हें आशीर्वाद दें।’
पापा सुनील शेट्टी का ऐसा दिल छू लेने वाला पोस्ट देखकर अथिया शेट्टी ने भी रिएक्ट किया। उन्होंने कमेंट किया, ‘लव यू’। वहीं आयुष्मान खुराना, करिश्मा कपूर, अब्दू रोजिक और अभिषेक बच्चन समेत कई सेलेब्स ने सुनील शेट्टी को बेटी की शादी पर बधाई दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अथिया के फेरों और विदाई के समय सुनील शेट्टी अपने आंसू रोक नहीं पाए और रो पड़े थे।

अथिया शेट्टी और केएल राहुल ने 23 जनवरी को सात फेरे लिए थे। उनकी शादी सुनील शेट्टी के खंडाला स्थित फार्महाउस पर हुई थी। इस शादी में परिवार और रिश्तेदारों के अलावा बॉलीवुड और क्रिकेट जगत से करीबी दोस्त शामिल हुए थे। शादी में अंशुला कपूर, डायना पेंटी, अनुपम खेर और जैकी श्रॉफ की बेटी कृष्णा श्रॉफ भी नजर आई थीं। केएल राहुल और अथिया शेट्टी एक-दूसरे को 4 साल से डेट कर रहे थे।

शादी के बाद अथिया और केएल राहुल ने किया था यह पोस्ट
शादी के बाद अथिया और केएल राहुल ने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर कर एक जॉइंट स्टेंटमेंट रिलीज किया था। इसमें उन्होंने लिखा था, ‘आज अपने प्रियजनों के प्रेम और आशीर्वाद से हमने अपने घर में शादी की। उस घर में जहां हमें बहुत प्यार मिला। हमारा दिल प्यार और कृतज्ञता से भरा है। एक-दूसरे के साथ इस सफर में आप हमें अपना आशीर्वाद दीजिए।’