स्वतंत्र देव सिंह का दिल्ली सरकार पर हमला- प्रदूषण पर केजरीवाल की बात मत करिए, वह न तो गंभीर हैं न धीर

यूपी सरकार के मंत्री शुक्रवार को झनकपुरी स्थित पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर सामूहिक विवाह समारोह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी की सरकार है। इतनी मदद करने के बाद भी केजरीवाल कुछ नहीं कर पाते। केंद्र में ऐसी सरकार कभी नहीं आएगी।

कार्यक्रम में पहुंचे यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
कार्यक्रम में पहुंचे यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह

प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दिल्ली सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदूषण पर आप अरविंद केजरीवाल की बात मत करिए। वह न गंभीर हैं, न धीर हैं। उन्हें केवल प्रोपोगेंडा करने का काम है। मेरे पास मंत्रालय है, हम लोग कितना झेलते हैं। दिल्ली में यमुना कितनी प्रदूषित है, उन्हें चिंता नहीं है। अगर थोड़ा भी काम करें, थोड़ी चिंता करें तो व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हो जाएगी।

यूपी सरकार के मंत्री शुक्रवार को झनकपुरी स्थित पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर के फार्म हाउस पर सामूहिक विवाह समारोह में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी की सरकार है। इतनी मदद करने के बाद भी केजरीवाल कुछ नहीं कर पाते। केंद्र में ऐसी सरकार कभी नहीं आएगी। मोदी सरकार सभी के लिए समर्पित है। अगर दिल्ली का मंत्रालय थोड़ा भी चिंता करे तो ये व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहे।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। देश खुशहाल हो रहा है। स्वतंत्रता सेनानियों का सपना साकार हो रहा है। जो लोग अंग्रेजों की गोलियां खाते थे उनका सम्मान लंदन की धरती पर हो रहा है। भारत माता की जय जयकार हो रही है। आज वह लोग भी तिरंगा लेकर दौड़ते हैं। सबसे बड़ी बात देश और उत्तर प्रदेश में गरीब खुशहाल है। दूसरे प्रदेशों की सरकारें भी गंभीर हो जाएं।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इन सरकारों को भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ना चाहिए। सरकार बनाने के बाद पार्टी के दल के ऊपर रहना चाहिए। वोट किसने दिया, किसने नहीं दिया इस पर बात नहीं करनी चाहिए। सभी को गरीबों का ध्यान रखना चाहिए। ऊटपटांग टिप्पणी करने से सरकार नहीं चलती हैं। मुस्लिम वोट को लेकर इमरान मसूद के बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि हम वोट की राजनीति नहीं करते। राजनीति भारतीय जनता पार्टी का मिशन है, व्यापार नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजनीति हम मिशन के लिए करते हैं। गरीबों की सेवा के लिए करते हैं। समाज के सभी वर्ग मिलकर इस राष्ट्र की मजबूती के लिए काम करें। उत्तर प्रदेश और देश में सभी लोग एक साथ खड़े हैं। देखिए कितने शांति के साथ प्रदेश आगे बढ़ रहा है न दंगा, न फसाद, न गुंडागर्दी न बम बाजी। आज हम शांति के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के सभी लोग मिलकर विकास के लिए कार्य करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित करते हैं। उसमें उनका पूरा परिवार लगा रहता है। पूरा परिवार कठिन परिश्रम करता है। वास्तव में यह पुण्य का काम है। बेटियों की शादियों का 11 वां समारोह है। इस समारोह  में मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन वह हिमाचल दौरे के चलते नहीं आ पाए। शादी समारोह भव्यता और दिव्यता के साथ किया। जो लोग शादी समारोह में बड़े आयोजन नहीं कर पाते, उन लोगों के लिए यह बहुत अच्छा कार्य है।