निशाना Nitish Kumar, आज अपने तरकश के किस तीर से वार करेंगे Upendra Kushwaha

Bihar Political News in Hindi : बिहार की राजनीति में उपेंद्र कुशवाहा आज यानि मंगलवार 31 जनवरी को सियासी तीरों की बौछार कर सकते हैं। उन्होंने इसको लेकर अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुला ली है। इससे पहले सोमवार को कुशवाहा ने कहा था कि उन पर भोजपुर में हमला किया गया।

nitish kushwaha

पटना: बिहार की राजनीति में आज का दिन अहम बन गया है। JDU नेता और MLC उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला ली है। उनके लेटर हेड पर बकायदा इसकी सूचना दी गई है। इस निमंत्रण में लिखा है कि ‘दिनांक 31 जनवरी 2023 को 12 बजे दिन में अपने पटना आवास 24 एम स्ट्रैंड रोड में जनता दल (यू) के संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधानपार्षद, पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा प्रेस के लोगों को संबोधित करेंगे।’ इससे पहले 26 जनवरी को अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश कुमार पर हमला बोला था। जाहिर है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी उपेंद्र कुशवाहा तीर बरसाने वाले हैें।

क्या इसलिए कुशवाहा ने बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ हाल में बगावत करने वाले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य के भोजपुर जिले में उनकी कार पर पथराव किया गया। राज्य विधान परिषद के सदस्य कुशवाहा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कुमार और बिहार पुलिस को टैग करते हुए यह आरोप लगाया। कुशवाहा ने ट्वीट किया कि ‘अभी भोजपुर जिले के जगदीशपुर में नयका टोला मोड़ के पास से गुजर रहे काफिला में शामिल मेरी गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया, पत्थर फेंका। सुरक्षाकर्मियों के दौड़ाने पर सभी भाग गये।’

भोजपुर पथराव की पुलिस जांच

उधर भोजपुर जिला पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कुशवाहा ने राज्य की राजधानी लौटने पर दावा किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि हमला किसने किया और हमलावरों का मकसद क्या था। कुशवाहा की नाराजगी तब से स्पष्ट हो गई है जब कुमार ने तेजस्वी यादव के अलावा किसी अन्य को उप मुख्यमंत्री बनाये जाने की संभावना को खारिज कर दिया था।