Four Youth Stuck In Tava Dam River: नर्मदापुरम में तवा डैम की नदी में चार युवक सेल्फी लेने के दौरान फंस गए थे। आधे घंटे तक चारों लड़के नदी में फंसे रहे हैं। ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से चारों को बाहर निकाला है।

दरअसन, सेल्फी के चक्कर में चार लड़के तवा डैम की नदी में फंस गए। ये लोग नदी में सेल्फी के लिए उतरे थे। इस बीच तवा डैम का गेट खुल गया। गेट खुलते ही नदी में सैलाब आ गया। सैलाब आने के बाद चारों युवक नदी में घिर गए। नदी में फंसने के बाद युवकों की सांसें अटक गईं। इस दौरान चारों एक-दूसरे को पकड़कर एक पत्थर पर खड़े हो गए। बाहर मौजूद लोगों ने नदी में फंसे लड़कों का वीडियो बनाया है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देख सकते हैं कि कैसे ये लड़के अपनी जान से खेल रहे थे।
ग्रामीणों ने बचाई जान
युवकों को नदी में फंसा देखकर ग्रामीणों ने इन्हें बचाने की पहल शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद लड़कों को नदी से ग्रामीणों ने बाहर निकाला है। आधे घंटे बाद जब ये बाहर आए तो लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीण रस्सी के सहारे चेन बनाकर नदी में उतरे थे। एक दर्जन से अधिक लोग पानी में उतरकर उन लड़कों तक पहुंचे। स्थानीय लोगों को रास्ते के बारे में जानकारी थी। इसके बाद उन्हें बाहर निकाला गया।
गौरतलब है कि लड़के जहां नदी में फंसे थे, वहां डैम गेट की दूरी 100 मीटर थोड़ी अधिक है। इसके बावजूद ये लोग नदी में उतर गए थे। तवा गेट के नौ गेट खोलकर एक लाख 36 हज़ार 800 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इससे नदी उफान पर है। यह देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग डैम के पास पहुंच रहे हैं।