शिक्षक पात्रता परीक्षा: आठ विषयों में महज 25.86 फीसदी अभ्यर्थी पास, हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया परिणाम

स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आठ विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का परिणाम घोषित किया। परीक्षा परिणाम 25.86 फीसदी रहा। यह नवंबर 2021 में लिए टेट के मुकाबले 11.01 फीसदी अधिक है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आठ विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का परिणाम घोषित किया। परीक्षा परिणाम 25.86 फीसदी रहा। यह नवंबर 2021 में लिए टेट के मुकाबले 11.01 फीसदी अधिक है। इस बार बोर्ड की ओर से घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में टीजीटी आर्ट्स में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई है। नवंबर 2021 में यह परीक्षा परिणाम महज 7.01 फीसदी रहा था, जबकि इस मर्तबा परिणाम में यह प्रतिशतता 38.70 फीसदी पहुंच गई है।

जबकि पिछली मर्तबा टीजीटी नॉन मेडिकल की अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम 21.57 फीसदी घोषित किया गया था, लेकिन इस बार यह परिणाम 10 फीसदी तक ही सिमट गया है। वहीं नवंबर, 2021 में 40 फीसदी रहे उर्दू विषय के टेट परिणाम में इस बार भारी गिरावट आई है। इस बार उर्दू विषय का परिणाम 14.29 फीसदी तक सिमट गया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने इस बार दो विषयों में एक-एक नंबर ग्रेस मार्क्स के रूप में भी दिया है।

नवंबर 2021 में ली गई अध्यापक पात्रता परीक्षा के परिणाम की अपेक्षा इस मर्तबा के परिणाम में बढ़ोतरी हुई है। इस बार दो विषयों में अभ्यर्थियों को ग्रेस मार्क्स भी दिए गए हैं। – डॉ. सुरेश कुमार सोनी, अध्यक्ष, स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला।