हॉलीवुड हिरोइन के कत्ल वाली वो ‘काली रात’… खूनी बंगला नंबर 10050

26 साल की हॉलीवुड की मशहूर हिरोइन, जो चंद दिनों बाद एक बच्चे को जन्म देने वाली होती है, उसे बड़ी ही बेरहमी से मार दिया जाता है। साथ ही उसी रात 4 अन्य लोगों का भी कत्ल होता है। हॉलीवुड के सबसे बड़े और खौफनाक हत्याकांड के पीछे की कहानी क्या है चलिए जानते हैं।

‘प्लीज़ मुझे मत मारो, मुझे मेरे बच्चे को जन्म देने दो… एक बार मेरा बच्चा जन्म ले ले फिर बेशक मुझे मार डालना।’ सोफे के पास खड़ी वो रोती रही, पेट में पल रहे अपने साढ़े आठ माह के बच्चे की ज़िंदगी की भीख मांगती रही, लेकिन जो हुआ वो इतना खौफनाक था कि किसी की भी रूह कांप जाए। उस हत्यारे ने साढ़े आठ महीने की प्रेगनेंट हॉलीवुड की इस हिरोइन के पेट में चाकू मार दिया। एक बार, दो बार, तीर बार, चार बार… कुल 17 बार उसके शरीर के हर हिस्से को चाकू से गोंद दिया गया। 26 साल की हिरोइन और उनके गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों का खून मिलकर जमीन पर बहने लगा तब जाकर हत्यारे ने चैन की सांस ली।

बंगले में 5 लोगों की हत्या
8 अगस्त 1969 की वो काली रात अमेरिका के इतिहास के पन्नों में आज भी सबसे ज्यादा खौफनाक रात के रूप में जानी जाती है। लॉस एंजेलिस के सिअलो ड्राइव (Cielo Drive) का बंगला नंबर 10050, इस रात खून से लाल हो गया। पांच लोगों के साथ-साथ एक अजन्मे बच्चे के खून के निशान बंगले की हर दीवार, हर कोने में हमेशा के लिए छप गए। लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें दीवारों से टकराकर यहां गूंजती रहीं। इस काली रात में बंगले के अंदर एक साथ पांच लोगों को बड़ी ही बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया जिनमें से एक थीं- शेरोन टेट ( Sharon Tate) जो उस वक्त साढे आठ महीने की प्रेगनेंट थीं।

हॉलीवुड हिरोइन शेरोन का बंगला
हॉलीवुड की उस वक्त की मशहूर हिरोइन शेरोन टेट अपने पति, पोलिश एक्टर और डायरेक्टर रोमन पोलांस्की के साथ कुछ समय पहले ही इस बंगले में शिफ्ट हुईं थीं। उस रात में बंगले में शेरोन के अलावा उनके दोस्त (Jay Sabering), शेरोन के पति पोलांस्की के दोस्त, वोजेक्स फ्राइकोवस्की (Wojciech Frykowski), उनकी गर्ल फ्रेंड ऐबिगेल फोल्जर (Abigail Folger) और एक केयर टेकर मौजूद थे। शेरोन के पति रोमन पोलांस्की किसी फिल्म के सिलसिले में यूरोप गए हुए थे। बस कुछ ही दिन बाद शेरोन और रोमन अपने पहले बच्चे के स्वागत का इंतजार कर रहे थे। शेरोन ने अपने बच्चे को पॉल ( Paul) नाम दिया था, जो बस चंद दिनों बाद जन्म लेने वाला था।

खतरनाक सीरियल किलर चार्ल्स मेनसन
उस मनहूस रात के पहले तक सबकुछ ठीक था। शेरोन और उनके सभी दोस्त शेरोन का ख्याल रख रहे थे। सबने ने मिलकर डिनर किया। बड़े से खूबसूरत बंगले में हल्का-हल्का म्यूजिक चल रहा था। सभी बातें कर रहे थे, हंसी-मजाक चल रहा था। शेरोन थोड़ी थकी हुईं थीं। वो पास ही सोफे में आकर बैठ गईं। बाकी दोनो दोस्त अभी डिनर कर ही रहे थे। तभी घर में तीन लोग घुस आए। ये लोग दुनिया के सबसे बड़े सीरियल किलर और कल्ट चार्ल्स मेनसन (Charles Manson) के साथी थे। चार्ल्स मेनसन जिसे जाना जाता है, उसकी कल्ट प्रेक्टिस के लिए। यूरोप में उन दिनों चार्ल्स मेनसन ने अलग धर्मपंथ शुरू कर दिया था और कुछ लोगों को इस पंथ से जोड़ लिया था। ये लोग बाइबल में लिखी बातों को गलत तरीके से लोगों के सामने पेश करते थे और उन्हें बरगला कर अपने गुट में शामिल करते थे। इनका मकसद था दुनिया में दर्दनाक हत्या करके खौफ पैदा करना।

शेरोन के बंगले को बनाया कब्र!
आज बंगला नंबर 10050 चार्ल्स मेनसन परिवार के निशाने पर था। इन लोगों को बंगले के अंदर मौजूद तमाम लोगों को मौत के घाट उतारना था, बिना ये जाने कि अंदर कौन है, इन्हें इतनी बेरहमी से कत्ल करना था कि जो भी सुने उसके होश उड़ जाएं। यही था चार्ल्स मेनसन का कल्ट, यही तरीका था इस सीरियल किलर का दुनिया में खौफ पैदा करने का। इस घर में चाहे जो भी हो, वो प्रेगनेंट हो या फिर गर्भ में पल रहा साढे आठ महीने का बच्चा, सबको बेहद डरावने अंदाज में खत्म करना था और हुआ भी ठीक ऐसा ही।

सबको दी दर्दनाक मौत
ये खौफनाक कातिल घर के अंदर घुस चुके थे। एक-एक कर इन्होंने सबको अपना निशाना बनाया। पोलांस्की के दोस्त वोजेक्स फ्राइकोवस्की,उनकी गर्लफ्रेंड ऐबिगेल फोल्जर और जे सबरिंग अभी डाइनिंग टेबल पर ही बैठे थे। ये उनका आखिरी डिनर था, काल उनके सामने मंडरा रहा था। हत्यारों ने सबसे पहले फ्राइकोवस्की पर चाकू से हमला किया। इसी दौरान दूसरे हत्यारे ने उनपर दो गोलियां चलाई। उनकी गर्लफ्रेंड चीखने लगी तो एक शख्स चाकू लेकर उस तरफ बढ़ा और उनपर भी चाकू से वार करने लगा। वो तब तक चाकू से फोल्जर के जिस्म को गोंदता रहा, जब तक वो जमीन पर नहीं गिर गई। दूसरा हत्यारा उनके ब्वायफ्रेंड फ्राइकोवस्की के चेहरे और सिर पर चाकूओं से वार कर रहा था।

हॉलीवुड हिरोइन मर चुकी थी
डायनिंग एरिया में ही बैठे जे सबरिंग ( jay sebring) वहां से भागने लगे, लेकिन एक हत्यारे ने पिस्टल से उन्हें भी निशाना बनाया और फिर सात बार उनके शरीर को चाकू से गोंद दिया। सोफे में आराम कर रही शेरोन ये देखकर कांपने लगीं, साढे आठ महीने की प्रेगनेंट शेरोन के चेहरे का रंग उड़ गया। सबकुछ देखकर वो रोने लगी। चार्ल्स मेनसन परिवार के इन हत्यारों में से एक शेरोन की तरफ बढा,शेरोन अपने पेट में हाथ रख, गर्भ में पल रहे अपने बच्चे को संभालने की कोशिश करने लगी। हत्यारों के सामने ज़िंदगी की भीख मांगने लगी, लेकिन हत्यारों ने शेरोन के पेट पर चाकू से वार कर दिया। शेरोन गिर गई लेकिन ये शैतान नहीं रुके और उनके पूरे जिस्म को गोंदते रहे। इसी बीच घर में मौजूद केयरटेकर को भी उसी बेरहमी से चार्ल्स मेनसन के ये लोग मार चुके थे जैसे बाकी लोगों को मारा।

वीभत्स था क्राइम सीन
घर में म्यूजिक अब भी बज रहा था, लेकिन पूरा घर अब खून से लाल हो चुका था। घर के हर कोने में लाशें पड़ी हुई थी। म्यूजिक होने के बावजूद एक अजब सा सन्नाटा इस घर में पसरा हुआ था। इन हत्यारों ने जाने से पहले शेरोन खून से दरवाजे पर PIG यानी पिग लिखा और फरार हो गए। हॉलीवुड की मशहूर हिरोइन शेरोन टेट, मशहूर हेयर स्टाइलिश जे सबरिंग, वोजचिक फ्राइकोवस्की, ऐबिगेल फोल्जर, और एक केयर टेकर की मौत की खबर जैसे ही सामने आई पूरा अमेरिका दहल गया। इस सामुहिक हत्याकांड के बारे जिसने भी सुना, वो डरने लगा। शेरोन के शरीर पर 17 बार हमला हुआ और उसके बाद इस प्रेगनेंट महिला के गले पर एक रस्सी बांधकर लटका दिया गया। फोल्जर को 28 बार चाकू से गोंदा जबकि उनके दोस्त फ्राइकोवस्की पर 51 बार चाकूओं से हमला किया गया। उनके सिर और चेहरे को भी बुरी तरह बिगाड़ दिया गया।

अमेरिका की सबसे मनहूस रात
मेनसन परिवार के कल्ट का ये अब तक का सबसे दर्दनाक हमला था। चार्ल्स मेनसन नाम का शैतान रूपी ये शख्स, अब दुनिया में अपना डर बनाने में कामयाब हो गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने हत्याकांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें बेहद कड़ी सजा सुनाई गई। उस रात हत्या को अंजाम देने वाले चार्ल्स मेनसन ग्रुप के ही एक हत्यारे टेक्स वाटसन (Tex Watson) ने ये पूरी खौफनाक कहानी को बयां किया। उस काली मनहूस रात का एक-एक सच उसने अपनी जुबां से बताया। उसने बताया कि कैसे शेरोन टेट दया की भीख मांगती रहीं। कैसे फोल्जर और उनका ब्वायफ्रेंड अपनी जान बचाने के लिए तड़पते रहे। कैसे जे के सिर पर गोली मारकर फिर चाकुओं से वार किया गया।

क्या थी नरसंहार की वजह?
चंद घंटों पहले तक जिस बंगले में पार्टी चल रही थी, दोस्त हंस-खेल रहे थे,मस्ती कर रहे थे, वो अब हमेशा के लिए सुनसान हो चुका था। शेरोन के पति रोमन पोलंस्की को इस घटना से तोड़ कर रख दिया। कहां वो अपने बच्चे पॉल के आने की तैयारियां कर रहे थे और कहां मौत के इस खूनी खेल ने उनकी हंसती-खेलती दुनिया ही खत्म कर दी थी। शेरोन के फैंस भी बेहद दुखी थे। उस वक्त शेरोन हॉलीवुड में अपना अच्छा खासा नाम कमा चुकीं थीं। उनके चाहने वालों की बेहद लंबी लिस्ट थी लेकिन अचानक अपनी हिरोइन की मौत का सदमा फैंन्स को बर्दाश्त नहीं हो रहा था। शेरोन के परिवार वाले अपनी बेटी की मौत के गम से उबर नहीं पा रहे थे। कोई ये नहीं समझ पा रहा था कि शेरोन ने चार्ल्स मेनसन का क्या बिगाड़ा था। आखिर उस रात क्यों शेरोन और उनके दोस्तों को इस बेरहमी से मार दिया गया।

शेरोन नहीं बंगला था निशाना
शायद उस रात इस कल्ट के निशाने पर शेरोन न आतीं, अगर वो बंगला नंबर 10050 में शिफ्ट न हुईं होतीं। इस बंगले में पहले एक म्यूजिक डायरेक्टर किराए पर रहते थे। चार्ल्स मेनसन, म्यूजिक डायरेक्टर और उनके परिवार को खौफनाक मौत देना चाहता था और इसलिए उसने अपने पंथ के लोगों को बंगले में मौजूद सभी लोगों को बेरहमी से मारने की हिदायतें दी थी। दरसअल चार्ल्स को गाना गाने का शौक था, लेकिन म्यूजिक डायरेक्टर ने उसको ऑडिशन के बाद रिजेक्ट कर दिया था जिसका बदला वो इस तरह से लेना चाहता था।