मंडप नहीं हवालात पहुंचा दूल्हा: गिरफ्तारी की खबर सुन दुल्हन के उड़े होश, लड़के की करतूत जान शादी से किया इनकार

दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर जब घराती और बारातियों को हुई तो उनके होश उड़ गए। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। दूल्हे की करतूत पता चलने के बाद दुल्हन ने भी शादी करने से इनकार कर दिया। बाद में बिना दुल्हन और दूल्हे के बरात वापस लौट गई।

सांकेतिक तस्वीर

घर से बरात लेकर निकले गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी दूल्हे को पुलिस ने मंडप में पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। जब इसकी भनक घराती और बारातियों को लगी तो उनके होश उड़ गए। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। दूल्हे की करतूत पता चलने के बाद दुल्हन ने भी शादी करने से इनकार कर दिया। बाद में बिना दुल्हन और दूल्हे के बरात वापस लौट गई। पुलिस ने दूल्हे को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि अमरोहा नगर के मोहल्ला अहमदनगर के रहने वाले कामिल तेली, मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी थानाक्षेत्र के कमालपुर फतिहाबाद निवासी डॉ. नफीस अहमद सैफी, सीकरी मिलक के रहने वाले नजरुल हसन, अहमदनगर के रहने वाले अरविंद कुमार और यहीं की रहने वाली साजिया उर्फ संजू गिरोह बनाकर कूटरचित तरीके से जाली करेंसी और नोट छापने का धंधा करते थे। इनका एक संगठित गिरोह है जो आर्थिक और भौतिक लाभ कमाने के लिए इस कृत्य को करता है।

एसपी आदित्य लांग्हे के आदेश पर सभी के खिलाफ 24 नवंबर को गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। तभी से उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है, लेकिन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गैंगस्टर में वांछित अरविंद कुमार की शादी है और वह बुधवार की रात कैलसा बाइपास से मुरादाबादी गेट के बीच स्थित एक बैंक्वेट हॉल में बरात लेकर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मैरिज हॉल के आसपास अपना जाल बिछा लिया। जैसे ही गैंगस्टर का आरोपी दूल्हा अरविंद कुमार मंडप के पास पहुंचा तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आनन-फानन पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। दूल्ही की गिरफ्तारी की भनक लगते ही घराती-बरातियों के होश उड़ गए। जिसने भी सुना वह कोतवाली पहुंच गए। थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दूल्हे ही असलियत जानने के लिए दुल्हन के परिजनों ने भी पुलिस ने बात की। इस दौरान पुलिस ने बताया कि अरविंद कुमार गैगस्टर एक्ट में वांछित है और जाली करेंसी और नोट छापने का कार्य कर्ता है। दूल्हे ही करतूत का पता चलने पर दुल्हन से शादी करने से इंकार कर दिया और बरात को वापस लौटा दिया। सीओ ने बताया कि आरोपी अरविंद को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।