जिलास्तरीय नलवाड़ मेला करसोग का समापन समारोह राजनितिक अखाड़े में हुआ तब्दील,

मंडी सांसद प्रतिभा और भाजपा विधायक दीपराज के बीच वाक युद्ध से मचा प्रदेश में राजनीतिक घमासान,

सांसद प्रतिभा सिंह ने करसोग विधायक दीपराज को मंच से सुनाई खरी-खोटी,

कहा- ममेल स्कूल की हालत पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई खराब,

कहा- पूर्व सीएम जयराम ठाकुर साथ लगती विधानसभा से होने के कारण भी नहीं करवा पाए करसोग में विकास,

कहा- करसोग विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही करवाया विकास,

प्रतिभा सिंह के बयान पर भाजपा के करसोग विधायक दीपराज भंथल का पलटवार,

कहा- पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नाम पर बार-बार वोट मांगना नहीं है तर्कसंगत,

कहा- प्रतिभा सिंह द्वारा विवेकशील और तर्कशील होने के बावजूद ओछी राजनीति करना नहीं देता है शोभा,

कहा- विधायक बनने के बाद क्षेत्र में वीरभद्र सिंह द्वारा करवाए गए कार्यो को रहे हैं ढूंढ ।

मंडी जिला के विधानसभा क्षेत्र करसोग में आयोजित जिलास्तरीय नलवाड़ मेले के समापन समारोह ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल खड़ा कर दिया है। जहां समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर रही मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह ने क्षेत्र में विकास करवाने के लिए पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को ही श्रेय दिया गया। वहीं प्रतिभा सिंह द्वारा मंच से करसोग विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दीपराज भंथल को स्थानीय ममेल स्कूल की दशा को लेकर खरी-खोटी सुनाई गई। इस स्कूल की खराब हालत और क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं होने के लिए सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा पूर्व की भाजपा के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ठहराया गया।

प्रतिभा सिंह के विवादित बयान के बाद मचे राजनितिक घमासान में करसोग से भाजपा के युवा विधायक दीपराज भंथल ने भी जबाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। विधायक दीपराज ने कहा कि सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नाम पर हमेशा वोट मांगे जाते हैं। उन्होंने कहा कि वोट मांगना गलत नहीं है, लेकिन क्षेत्र में करवाए गए कार्यों को लेकर वोट मांगना तर्कसंगत है। दीपराज ने कहा कि प्रतिभा सिंह द्वारा विवेकशील और तर्कशील होने के बावजूद ओछी राजनीति करना शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि जब से वह करसोग विधानसभा क्षेत्र के विधायक बने हैं तब से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा करवाए गए कार्यो को ढूंढते-ढूंढते थक गए हैं। प्रतिभा सिंह द्वारा उन्हें करसोग से रामपुर तक पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा सड़क बनाने को लेकर बताया गया, जिस सड़क की हालत आज भी दयनीय है।