Leopard Near Cheetah Enclosure: चीतों के बाड़े के करीब शनिवार की शाम खूंखार तेंदुए को देखा गया है। वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम ने इसका वीडियो बनाया है। इसके बाद पार्क के अंदर खलबली है क्योंकि चीतों को खतरा तेंदुए से ही है।

बताया जाता है कि कूनो जंगल में तेंदुए की संख्या 100 के करीब है। एक्सपर्ट मानते हैं कि जंगल में शिकारियों से ज्यादा चीतों को तेंदुए से बचाना जरूरी है। इसलिए कूनो में वन विभाग की टीम लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। शनिवार की शाम पेट्रोलिंग टीम चीतों के बाड़े के करीब थी। इस दौरान पास से गुजर रहे रास्ते पर तेंदुआ था। वन विभाग की टीम ने तेंदुए का वीडियो रेकॉर्ड किया गया है। तेंदुआ उस रास्ते पर सीधा चल रहा था।
बाड़े के आसपास तेंदुए की मौजूदगी से वन विभाग में खलबली है। अभी बड़े बाड़े में दो चीतों को ही छोड़ा गया है। दोनों चीते यहां के माहौल में ढल रहे हैं। इसके साथ ही चीतल का शिकार भी कर रहे हैं। वन विभाग की टीम चीतों के जोश को देखकर काफी उत्साहित है कि ये यहां शिकार करने लगे हैं। वहीं, तेंदुए की मौजूदगी ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। अब चीतों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें नए सिरे से रणनीति बनानी होगी। साथ ही बाड़े से तेंदुए को दूर रखने की कवायद की जाएगी।
गौरतलब है कि नामीबिया से आठ चीते कूनो नेशनल पार्क में लाए गए हैं। सभी चीतों को छोड़े बाड़े में रखा गया था। पांच नवंबर को दो चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ा गया है। यह बाड़ा पांच वर्ग किलोमीटर में फैला है। एक्सपर्ट की टीम लगातार बड़े बाड़े में छोड़े गए चीतों की निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में वहां तेंदुए को घूमते देखा गया है। जानकारों का कहना है कि जल्द ही अन्य चीतों को भी बड़े बाड़े में छोड़ा जाएगा।