The economic upliftment of the weaker sections of the society and balanced development of the state is the goal of the state government- Dr. Saijal

समाज के कमज़ोर वर्गों का आर्थिक उत्थान एवं प्रदेश का संतुलित विकास ही राज्य सरकार का लक्ष्य-डॉ. सैजल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि प्रदेश का संतुलित विकास एवं समाज के कमजोर वर्गों का आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार का ध्येय है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खनलग में 36 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन का शिलान्यास करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
डॉ. सैजल ने इससे पहले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास के सभी मानकों पर सर्वोच्च स्तर पर स्थापित करना ही वर्तमान प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस दिशा में तीव्रता के साथ आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार की आमजन के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं से लाभ उठाएं।
डॉ. सैजल ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को बेहतर शिक्षा, घरद्वार के समीप स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों को सम्मान के साथ जीवनयापन करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सत्ता सम्भालते ही जहां सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया वहीं गौ सेवा आयोग की स्थापना की। सामाजिक सुरक्षा पैंशन के लिए आयु सीमा घटाने से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए। वर्तमान में 5 लाख 80 हजार से अधिक पात्र व्यक्तियों को प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पैंशन प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा आयोग की स्थापना का मुख्य उद्देश्य भारतीय एवं पहाड़ी नस्ल की गाय का संरक्षण एवं बेसहारा छोड़े गए गौवंश की रक्षा करना है।
आयुष मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की मातृ शक्ति के सम्मान की हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना से राज्य की महिलाएं व्यापक तौर पर लाभान्वित हुई हैं। यह योजना जहां पर्यावरण संरक्षण की अग्रदूत बनीं हैं वहीं महिलाओं को सुरक्षा देने में भी कारगर सिद्ध हुई है। प्रदेश के सभी पात्र परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
डॉ. सैजल ने कहा कि कोविड-19 संकट ने हम सभी के समक्ष चुनौतियां खड़ी की हैं और सामूहिक इच्छा शक्ति के बल पर ही कोरोना संक्रमण को समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में अधोसंरचना सृजित की है। उन्होंने कहा कि नियम पालन कोविड-19 को हराने का मूलमंत्र है। सावधान रहकर ही हम कोरोना की सम्भावित तीसरी लहर पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क इस प्रकार पहनें कि नाक से लेकर ठोडी तक का हिस्सा ढका रहे और बार-बार अपने हाथ साबुन अथवा एल्कोहल युक्त सेनिटाइजर से साफ करते रहें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न विकास मांगों को शीघ्र पूरा किया जाएगा और अर्की उपमण्डल में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों के खाली पड़े 02 पदों को शीघ्र भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि उपमण्डल में चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को भी शीघ्र भरा जाएगा।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं राज्य सहकारी विकास फैडरेशन लिमिटिड के अध्यक्ष रतन सिंह पाल ने इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अर्की विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश का सम्पूर्ण एवं संतुलित विकास सुनिश्चित बना रही है।
ग्राम पंचायत खनलग के उप प्रधान अनूप कुमार ने सभी का स्वागत किया तथा ग्राम पंचायत खनलग की प्रधान गीता देवी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं राज्य सहकारी विकास फैडरेशन लिमिटिड के अध्यक्ष रतन सिंह पाल, ग्राम पंचायत खनलग की प्रधान गीता देवी, ग्राम पंचायत पलोग के प्रधान नरेन्द्र, ग्राम पंचायत खनलग के उप प्रधान अनूप कुमार, ग्राम पंचायत धुन्दन के उप प्रधान ओम प्रकाश चोपड़ा, ग्राम पंचायत मांगल के उप प्रधान सीता राम ठाकुर, भाजपा मण्डल अर्की के अध्यक्ष डीके उपाध्याय, सचिव धनी राम चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता रोहिताश्व चंद्र, बीडीसी सदस्य सुनीता, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहजा़द आलम, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेन्द्र शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक दाड़लाघाट प्रताप सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता रवि कपूर, जल शक्ति विभाग की अधिशाषी अभियन्ता कंचन शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार पुष्पा, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।