स्क्रीन पर दिखेंगे इंदिरा गांधी इंडोर खेल परिसर में होने वाले मुकाबले, हर आयोजन का लाइव प्रसारण

खेल विभाग ने परिसर की गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्रचार प्रसार करने और खेल को बढ़ावा देने के मकसद यह नहीं पहल की है।

इंदिरा गांधी इंडोर खेल  परिसर

शिमला में  इंदिरा गांधी इंडोर खेल परिसर के अंदर चल रही खेल गतिविधियों का अब अभिभावक और पर्यटक मालरोड पर लगी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण देख सकेंगे। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने एक कंपनी के साथ इसको लेकर करार किया है। इंडोर खेल परिसर होने के कारण इसके अंदर चलने वाली खेल गतिविधियों का बाहर से गुजरने वाले लोगों को कोई पता नहीं चलता था। परिसर में होने वाले रूटीन के खेल अभ्यास के साथ ही, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की यहां होने वाली हर खेलकूद प्रतियोगिताओं का इस स्क्रीन पर प्रसारण दिखाया जाएगा। खेल विभाग ने परिसर की गतिविधियों को बढ़ावा देने, प्रचार प्रसार करने और खेल को बढ़ावा देने के मकसद यह नहीं पहल की है।

इंडोर खेल परिसर के बहुमंजिला भवन में एक ही समय पर चलने वाली गतिविधियाें को मालरोड से ही कोई भी देख सकेगा। इससे पूर्व इस स्क्रीन पर विज्ञापन और कार्यक्रम ही दिखाए जाते थे। इंदिरा गांधी खेल परिसर के इंचार्ज और डीएसओ अनुराग वर्मा ने कहा कि खेल परिसर में रोजाना सुबह और शाम के वक्त होने वाली खेल गतिविधियां नियमित रूप से स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी। इसके अलावा यहां होने वाले खेल आयोजनों को कंपनी को लाइव दिखाना अनिवार्य किया है। बताया कि आम जनता की रुचि के शहर में होने वाले इवेंट को भी इस स्क्रीन पर लाइव दिखाना होगा।

आय से पूरे किए जाएंगे परिसर के रूटीन खर्च
खेल परिसर में लगी इस स्क्रीन पर लाइव और खेल गतिविधियों को नियमित रूप से दिखाने का क्रम जल्द शुरू हो जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। इससे होने वाली आय को खेल विभाग परिसर की देखरेख और रखरखाव और खिलाड़ियों को दी जाने वाली गतिविधियों पर खर्च करेगा।

अब खेल परिसर में बैठेंगे निदेशक
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक राजेश शर्मा अब खेल परिसर में ही बैठेंगे। निदेशालय में चल रही जगह की कमी को देखते हुए खेल परिसर में ही शनिवार को उनका कार्यालय खोल दिया गया। खेल निदेशक ने कहा कि खेल गतिविधियों को और बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।