कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने, देश देख रहा है भारत की ताकत

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व में मंत्री रहे डा. महेंद्र कुमार का कहना है कि कांग्रेस का असली चेहरा जनता के सामने है, और देश आज भारत की ताकत को विश्व भर में देख रहा है। कांग्रेस पर अब टिप्पणी करना भी उचित नहीं लगता। यह बात डॉ. महेंद्र कुमार ने केंद्र सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों का बखान करने को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

यूपी के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. महेंद्र कुमार

डॉक्टर महेंद्र ने कर्नाटक और हिमाचल में हुई भाजपा की हार पर बोलते हुए कहा कि भाजपा कभी हारती नहीं, बल्कि जीतती और सीखती है। जहां जो भी कमियां होती हैं उनमें सुधार किया जाता है। 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को एक बार फिर प्रचंड जीत मिलने वाली है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। जनता ने मोदी को फिर से पीएम बनाने का मन बना लिया है।

डॉ. महेंद्र कुमार ने केंद्र सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी दी, और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि आज देश का कोई कोना ऐसा नहीं जहां मोदी सरकार का विकास न पहुंचा हो। देश में सड़क कुनेक्टिविटी और रेल कुनेक्टिविटी काफी सुदृढ़ हुई है। 2014 के बाद देश में विकास को लेकर नया बदलाव देखने को मिल रहा है।

डॉ. महेंद्र ने बताया कि केंद्र सरकार की 9 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर 30 मई से 30 जून तक देश भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस और 23 जून को डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर तथा 25 जून को, जिस दिन देश में आपातकाल लगाया था, उस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। 25 जून को मन की बात कार्यक्रम का 102वां संस्करण हर बूथ पर सुना जाएगा।

इस मौके पर उनके साथ मंडी और कुल्लू जिला के विधायक व कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।