The third eye will be guarded at the entrance of every ward of the city, 15 -15 cameras will be installed in each ward

शहर के हर वार्ड के प्रवेश द्वार पर होगा तीसरी आंख का पहरा, प्रत्येक वार्ड में लगेंगे 15 -15 कैमरे

नगर निगम के 17 वार्डों में अब हर आने-जाने वाले पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। निगम की प्रत्येक वार्ड में सुरक्षा की दृष्टि से सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने की योजना है। वार्ड के प्रत्येक प्रवेश द्वार पर 2-2 कैमरे स्थापित होंगे। एक कैमरे की नजर वार्ड में प्रवेश करने वालों पर जबकि दूसरे को नजर वार्ड से बाहर जाने वालों पर रहेगी।

नगर निगम सोलन के कमिश्नर एल आर वर्मा ने बताया कि नगर निगम के सभी 17 वार्डों के एंट्री प्वाइंट्स पर 2-2 सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने की योजना है। इससे वार्ड में आने-जाने वालों पर नजर 1 रहेगी। इस योजना पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। निगम ने इसके लिए पुलिस विभाग को करीब साढ़े 8 लाख रुपए का बजट जारी किया है।

स्थानीय लोग भी प्रशासन से क्षेत्र में सी.सी.टी.वी.
कैमरे स्थापित करने की मांग कर रहे हैं क्योंकि शहर में चोरी की वारदातों के साथ गाड़ियों में तोड़- फोड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके अलावा भी बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है। यदि एंट्री प्वाइंट पर ही सी.सी.टी.वी. कैमरे स्थापित होंगे तो इस प्रकार की घटनाओं में कमी आ सकती है। उन्होंने बताया कि शहर में नशे के मामले भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन कैमरों की मदद से युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में जाने से भी बचाया जा सकता है क्योंकि इन कैमरों से यह पता करना आसान हो जाएगा कि युवा वार्ड में किस बाहरी व्यक्ति से मिल रहे हैं या अपने साथ लेकर आ रहे हैं।

बता दें कि निगम द्वारा पुलिस विभाग के साथ सर्वे किया जाएगा क्योंकि इन कैमरों पर नियंत्रण पुलिस विभाग का होगा। निगम पुलिस विभाग के माध्यम से इन कैमरों को स्थापित कर रहा है।
यदि किसी वार्ड में एंट्री प्वाइंट की संख्या अधिक होगी तो कैमरे की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है। वार्डों में सी.सी.टी.वी. कैमरे स्थापित करने की योजना को सुरक्षा की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।