पांच दिन से जलापूर्ति न होने से राजगढ़ में मची त्राहि-त्राहि

राजगढ़, 23 मई : कंडा नाला में पाईप लाईन टूटने के कारण बीते पांच दिनों से राजगढ़ शहर में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जिसके चलते शहर में पानी के लिए लोगों में त्राहि त्राहि मची हुई है। शहर को जलापूर्ति प्रदान करने वाली कंडा नाला पेयजल योजना जंग लगने से आए दिन जगह-जगह पर टूट रही है। जिस कारण लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं।   

अहम बात यह है कि राजगढ़ शहर में पानी उपलब्ध करवाने के लिए जल शक्ति विभाग के पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2005 के दौरान राजगढ़ शहर के लिए कंडा नाला पेयजल योजना तैयार की गई थी। उस दौरान शहर की आबादी केवल अढाई हजार हुआ करती थी जोकि वर्तमान में बढ़कर छः हजार से ज्यादा हो चुकी है।

 वर्तमान में कंडा नाला पेयजल शहर में मानकों के आधार पर पेयजल उपलब्ध करवाने में नाकाम साबित हो रही है। शहर के नागरिकों का आरोप है कि पानी का आबंटन सही तरीके से नहीं हो पाता है जिसका मुख्य कारण विभाग के कीमेन अथवा फीटरो का बीते कई वर्षों से एक ही लाइन पर काम करना बताया जा रहा है। राजगढ़ शहर की पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 6 करोड़ की पैरवी खडड उठाऊ पेयजल योजना स्वीकृत की गई थी।