अपनी बहन की शादी के लिए नहीं थे पैसे, अब कई बहनों का विवाह करवा रहे बागेश्वर महाराज, दिल छू लेगी कहानी

Bageshwar Maharaj Life Story: बागेश्वर महाराज 121 कन्याओं का विवाह करवा रहे हैं। एक समय में उनके पास अपनी बहन की शादी के लिए रुपये नहीं थे। इसके बाद उन्हें दोस्त से रुपये उधार लेने पड़े थे।

bageshwar dham maharaj
शादी की तैयारियों में बागेश्वर महाराज

छतरपुर: पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Pandit Dhirendra Krishana Shastri Story) के बागेश्वर धाम में सामूहिक विवाह का आयोजन 13 फरवरी को किया जा रहा है। इन दिनों बागेश्वर महाराज बहनों की शादी की तैयारी में जुटे हैं। शादी का पूरा खर्चा वही उठा रहे हैं। 13 फरवरी को आश्रम में भव्य आयोजन किया जाएगा। इसकी वजह से 27 साल के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों सुर्खियों में हैं। उन्होंने इस शादी के लिए देश के कई बड़े संतों को न्यौता दिया है। बहनों का विवाह करवा रहे बागेश्वर महाराज के पास कभी खुद की बहन की शादी के लिए पैसे नहीं थे।

दोस्त ने दिए थे उधार

हम आपको पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जीवन से जुड़ा एक ऐसा अनछुआ पहलू बताने जा रहे हैं। जिसे शायद ही आप जानते होंगे। एक समय था जब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उसी समय उनकी बहन की शादी नजदीक थी। पैसों की सख्त आवश्यकता पड़ी। तब उनके एक नजदीकी मुस्लिम दोस्त शेख मुबारक ने उन्हें लगभग 25 हजार रुपए की मदद की।

शेख मुबारक बताते हैं कि हालांकि बाद में उन्होंने यह रुपए वापस लौटा दिए थे। तब से उन्होंने कसम खा ली थी कि जब भी जीवन में वह संपन्न होंगे तो गरीब कन्याओं का विवाह जरूर कराएंगे। यही वजह है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व्यास गद्दी से हमेशा अपने उस दोस्त का जिक्र करते हैं।

पंडित धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री शायद इस बात को जानते हैं कि गरीबी हालत में बेटी/बहन का विवाह करने में कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यही वजह है कि वह हमेशा गरीब कन्याओं का विवाह कराए जाने पर जोर देते हैं।

धाम में हो रहा 121 कन्याओं का विवाह

पंडित धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री के संरक्षण में बागेश्वर धाम में 121 कन्याओं के विवाह की तैयारियां हो रही है। इसको लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बेहद उत्साहित हैं। साथ ही साथ ही जिले के तमाम उनके भक्त और सेवादार कन्याओं के विवाह में सहयोग कर रहे हैं। भक्त घर-घर जाकर पीले चावल देकर शादी का निमंत्रण दे रहे है।