Nuclear War: रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया में न्यूक्लियर वॉर का खतरा बढ़ता जा रहा है। युद्ध के बीच पुतिन कई बार परमाणु हमले की धमकी दे चुके हैं। पुतिन की धमकी के कारण अब दुनिया में अलर्ट है। इस बीच कई कंपनियां हैं जो बंकर बनाने का काम कर रही है।
वॉशिंगटन: रूस और यूक्रेन का युद्ध बढ़ रहा है। दुनिया में सबसे बड़ी चिंता है कि कभी भी ये परमाणु युद्ध की शक्ल ले सकता है। इस बीच एक अमेरिकी कंपनी ने लोगों को अपने लिए एक लग्जरी डूम्सडे बंकर में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया है, जिसमें ग्रीनहाउस और पर्सनल शूटिंग रेंज भी शामिल है। पुतिन ने बार-बार परमाणु हमले की धमकी दी है, जबकि पुतिन और उनके करीबियों को चिंता है कि पश्चिम उन पर परमाणु हमला कर सकता है। विशेषज्ञ भी बार-बार चेतावनी दे रहे हैं कि लोगों को परमाणु युद्ध के लिए तैयार रहना चाहिए, ऐसे में लगता है कि बहुत से लोग अपने घरों को अपग्रेड कर खुद को सुरक्षित बचाने के तरीके खोज रहे हैं।
अमेरिकी राज्य टेक्सस की एक फर्म ने अब परमाणु हमले से खुद को बचाने की चाहत रखने वालों के लिए एक नई तरह की व्यवस्था शुरू की है। इस फर्म ने चार-बेडरूम सर्वाइवल सेंटर वाला बंकर दुनिया को दिखाया है। इसे ‘द बीस्ट’ कहा जा रहा है, जो एक परिवार के रहने के लिए उपयुक्त और बड़ी जगह है। राइजिंग एस बंकर नाम की इस कंपनी ने शेल्टर बनाए हैं जो बेहद सामान्य लगते हैं। इसमें सफेद रंग की दीवारें और ग्रे रंग की कालीन है। लेकिन अगर किसी को विशेष तरह की सजावट चाहिए तो उसकी भी सुविधा है। इस बंकर को जितना चाहें उतना बड़ा भी बनवा सकते हैं।

बंकर के अंदर बंकबेड।
क्या-क्या है सुविधा
बंकर के चार बड़े-बड़े कमरों में बंकबेड की सुविधा है। कमरों के साथ ही हॉल भी हैं। इसके अलावा किचन है जिनमें माइक्रोवेव, ओवन और फ्रीज शामिल हैं। अंडरग्राउंड बने इस बड़े बंकर में अंदर पैंट्री भी है, जिसमें खाने-पीने की चीजों का विशाल भंडार बनाया जा सकता है। इस बंकर की सबसे खास बात ये है कि यहां ग्रीनहाउस बगीचे हैं। यानी बंकर के अंदर रहने वाले अपने फल और सब्जियों को उगा सकते हैं। परमाणु युद्ध के बाद आपको खतरनाक कैमिकल और गैस से बचाने के लिए बंकर के अंदर खास फिल्टरेशन सिस्टम लगे हैं।

बंकर के अंदर बाथटब।