Bihar News : बिहार एक समय बिजली की स्थिति को लेकर काफी पिछड़ा हुआ माना जाता था। लेकिन अब सूबे के लिए गुड न्यूज आई है। पिछले एक दशक के दौरान राज्य की विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार आया है। इसरो की एक रिपोर्ट में बिहार देश के सबसे ज्यादा रौशन राज्यों में शामिल पाया गया है।
पटना: बिजली से देश के सबसे ज्यादा रोशन राज्यों में बिहार अव्वल आया है। ये दावा इसरो की नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर की ओर से जारी एक रिपोर्ट में किया गया है। इसरो के नाइट टाइम लाइट एटलस (Isro Night Time Light Atlas) विकास सूचकांक में बिहार बिजली के क्षेत्र में रिकॉर्ड 474 फीसदी वृद्धि के साथ अव्वल रहा। पिछले एक दशक यानी 2012 से 2021 के लिए तैयार किए गए एटलस में राष्ट्रीय स्तर पर औसतन 43 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस रिपोर्ट से साफ हो जाता है कि बिहार अब न केवल अंधेरे से बाहर आ चुका है, बल्कि देश के रौशन राज्यों में शुमार हो गया है।
