Throwback Thursday: शाहरुख खान को ‘पीटकर’ बुरे फंसे थे गुलशन ग्रोवर, मोरक्‍को ने वीजा देने से कर दिया था इनकार

शाहरुख खान और गुलशन ग्रोवर ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। एक बार शाहरुख की वजह से गुलशन को बहुत बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा था। उन्होंने खुद ये खुलासा किया था।

शाहरुख खान के सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लाखों-करोड़ों चाहने वाले हैं। वो SRK को बहुत पसंद करते हैं। उनपर प्यार लुटाते हैं। उन्हें सिर-आंखों पर बिठाते हैं। शाहरुख के मुश्किल वक्त में भी उनका साथ नहीं छोड़ते हैं। लेकिन एक बार शाहरुख खान की तगड़ी फैन फॉलोइंग का खामियाजा बॉलीवुड के बैडमैन गुलशन ग्रोवर को भुगतना पड़ा था। शाहरुख की वजह से गुलशन को इंटरनेशनल ट्रिप के लिए वीजा नहीं मिला था। इसकी वजह बहुत ही दिलचस्प है, जिसके बारे में खुद गुलशन ने एक शो में खुलासा किया था।

शाहरुख खान (Shahrukh Khan) और गुलशन ग्रोवर ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। सेट पर दोनों की खूब बनती है। रियल लाइफ में भी दोनों के अच्छे संबंध हैं। गुलशन ने ज्यादातर फिल्मों में विलेन का रोल निभाया है। एक मूवी में वो शाहरुख के साथ काम कर रहे थे और एक सीन में उन्हें शाहरुख को बुरी तरह पीटना था। दोनों एक्टर्स ने अपना काम अच्छी तरह से किया।

गुलशन को भुगतना पड़ा खामियाजा

लेकिन दिक्कत तब आई, जब शाहरुख खान के फैंस ने ये सीन देखा और वो गुस्से से आगबबूला हो उठे। उन्हें लगा कि गुलशन (Gulshan Grover) ने शाहरुख को रियल में पीटा था। फिर क्या था, इसका खामियाजा भी गुलशन को भुगतना पड़ा।

रद्द हो गया था वीजा
दरअसल, गुलशन ग्रोवर को एक इंटरनेशनल ट्रिप के लिए मोरक्को का सिंगल डे का वीजा चाहिए था। लेकिन इस सीन की वजह से उनका वीजा रद्द हो गया था। एक्टर ने बताया कि वो कुछ महिला अधिकारियों के पास गए और वीजा देने की गुजारिश की, लेकिन उनमें से एक ऑफिसर ने कहा कि वो वीजा नहीं देंगी। उस महिला ने कारण बताया कि उन्होंने शाहरुख को फिल्म में पीटा था। इसी वजह से गुलशन उस महिला को पसंद नहीं थे और उसने एक्टर का वीजा रद्द कर दिया था।

लाख समझाने पर भी नहीं मानी फैन

गुलशन ने उस महिला को बहुत समझाया कि शाहरुख उनके भाई जैसे हैं और वो सिर्फ फिल्म का एक सीन था। उन्होंने असल जिंदगी में शाहरुख को नहीं पीटा। लेकिन उस महिला ने गुलशन की एक न सुनी। तो समझ गए हैं ना कि ‘बादशाह’ की बादशाहत कहां तक फैली हुई है!

शाहरुख का कैमियो लोगों को भाया
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख लंबे समय से सिल्वर स्क्रीन पर बतौर लीड रोल नजर नहीं आए हैं। उनकी आखिरी मूवी साल 2018 में रिलीज हुई थी, जिसका नाम है ‘जीरो’। ये एक फ्लॉप मूवी थी। इसके बाद शाहरुख लंबे समय तक स्क्रीन से दूर रहे। उन्हें रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की मूवी ‘ब्रह्मास्त्र’ में देखा गया। उन्होंने अयान मुखर्जी की मूवी में कैमियो किया और वानरास्त्र की भूमिका में नजर आए।
इन फिल्मों में नजर आएंगे किंग खान
इन दिनों शाहरुख कई प्रोजेक्ट्स में बिजी हैं। वो ‘पठान’ में नजर आएंगे। उनके पास ‘जवान’ फिल्म भी है। इसके अलावा उनके पास राजकुमार हिरानी की ‘डंकी’ भी है। वो सलमान खान की ‘टाइगर 3’ में कैमियो में भी नजर आएंगे।