देश में दो तरह की भाजपा, देश की भाजपा असली…प्रदेश की भाजपा नकली

 भाजपा के बड़बोले पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने पहले भाजपा को प्राइवेट लिमिटेड पार्टी बताया और अब यह कह दिया है कि देश में दो तरह की भाजपा है। देश में असली भाजपा काम कर रही है तो प्रदेश में नकली भाजपा। यह बात उन्होंने वीरवार को मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

बता दें कि द्रंग से भाजपा से पूर्व विधायक इस बार विधानसभा चुनावों में टिकट न मिलने के कारण काफी खफा हैं। चुनावों के छः महीनों बाद जवाहर ठाकुर मीडिया के समक्ष आए थे और भाजपा को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताया था। उस बयान के बाद जवाहर ठाकुर को भाजपा ने नोटिस जारी किया था। उसके बाद अब जवाहर ठाकुर फिर मीडिया में आए और कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए काम करेंगे। देश में जो अभियान आज से चलने जा रहा है, उसमें वो द्रंग विधानसभा क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हुए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

जवाहर ठाकुर ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि पार्टी ने उन्हें मीडिया के माध्यम से नोटिस दिया जोकि उचित नहीं था। उन्होंने उस नोटिस का जवाब दे दिया है, लेकिन जवाब में क्या लिखा है उसका वे अभी मीडिया में खुलासा नहीं करेंगे। आने वाले समय में यदि उचित लगा तो पार्टी को दिए गए जवाब को सार्वजनिक किया जाएगा।

इस मौके पर उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा द्रंग विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को गिनाया। साथ ही उन्होंने कहा कि वे इन्हें जन-जन तक पहुंचाएंगे।