Liquor Ban in MP: उमा भारती ने हटवाया शराब दुकान पर लगा भगवा झंडा, छिंदवाड़ा के जाम सांवली हनुमान मंदिर पहुंची थीं

जानकारी के अनुसार भाजपा नेत्री उमा भारती सोमवार को अचानक छिंदवाड़ा के जाम सांवली स्थित प्रसिद्ध चमत्कारी हनुमान मंदिर पहुंची थीं। उन्होंने बजरंगबली की पूजा अर्चना की और सुख समृद्धि की कामना कर आशीर्वाद लिया। जाम सावली मंदिर में उमा भारती के पहुंचने की खबर लगते ही स्थानीय भाजपा नेता मौके पर पहुंच गए जिन्होंने उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री नाना मोहोड़ सहित स्थानीय भाजपा नेता भी मौजूद रहे। जाम सावली मंदिर से दर्शन कर लौटते समय अचानक पिपलानारायणवार पहुंचते ही उन्हें सड़क किनारे देसी विदेशी शराब दुकान पर भगवा झंडा दिखाई दिया। उन्होंने कार रुकवाकर और शराब दुकान पर लगे भगवा झंडे को यहां से हटाने के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।

उमा ने कहा कि वर्ष 2003 में हनुमान जयंती पर यहीं से हमारी यात्रा सत्ता बदलो, व्यवस्था बदलो प्रारंभ हुई थी एवं हनुमान जी की महती कृपा हम सब पर हुई थी जो आज तक बरकरार है। यह मंदिर महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश की सीमा पर मध्य प्रदेश में है एक प्रकार से हनुमान जी महाराज यहां पर हमारे दक्षिण दिशा के प्रमुख मार्ग पर विद्यमान हैं इनकी बड़ी महिमा है। इस स्थान का बहुत ही विकास हो रहा है यहां एक गौशाला भी है।

उमा भारती ने कहा कि जाम सावली मंदिर से ही दिग्विजय सिंह सरकार हटाने का संकल्प लेकर चुनाव प्रचार शुरू किया था, शराबबंदी का अभियान भी यहीं से शुरू होगा, बोलो सियावर रामचंद्र की जय।

