UP Politics : कितने दिन मुसलमानों को धोखा देंगे… ‘यादव प्रेम’ पर अखिलेश को राजभर ने जमकर सुनाया

ओपी राजभर ने सपा पर पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया है उन्होंने कहा कि चोरी चोरी समाजवादी पार्टी सुभासपा को कमजोर करने का काम कर रही थी। जिस नेता को हमने गाड़ी, पैसा, तेल सारी व्यवस्था को देकर चलाते थे एकाएक उसके दरवाजे पर 10 बड़ी गाड़ी, मोटरसाइकिल पहुंच रही है।

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजभर ने कहा है कि उनके नेताओं को खरीदने के लिए सपा की ओर से कोशिश की जा रही है। इसके अलावा राजभर ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की ओर से जो भी चीजें होती हैं, वह बस यादव जाति के लोगों को दी जाती हैं। राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा कि कितने दिन मुसलमानों को धोखा दोगे। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव बस गुलामी करने वाले नेताओं को पसंद करते हैं और किसी अन्य को मौका नहीं देना चाहते।

‘कितने दिन मुसलमानों को धोखा दोगे अखिलेश’

सुभासपा मुखिया ने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव विरासत में राजनीति पाए हैं,लेकिन ओम प्रकाश राजभर धरती पर मेहनत करके राजनीति पाया है। राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा कि कितने दिन मुसलमानों को धोखा दोगे। अखिलेश यादव बताये 5 साल सरकार रही कितने मुसलमानों को सिपाही या दारोगा बनाया है। वहीं उन्होंने मैनपुरी उपचुनाव को लेकर कहा कि सपा सिमपेथी, श्रद्धांजलि व नेताजी के नाम पर वोट मिला है, वरना 2019 से 2022 के बीच ऐसा कौन सा काम कर दिया जो वोट मिल गया। साथ ही कहा कि सपा भ्रम में ना रहे 2024 में जोश सब ठंडा हो जाएगा।

मजबूती के साथ अकेले दम पर चुनाव लड़ेंगे-राजभर

वहीं ओपी राजभर एनबीटी ऑनलाइन से बात करते हुए कहा कि सुभासपा ने निकाय चुनाव की तैयारी कर ली है, हम मजबूती के साथ अकेले दम पर चुनाव लड़ेंगे। जहां जो उम्मीदवार मिलेगा, वहां से उसे टिकट दिया जाएगा। वहीं राजभर ने 2024 चुनाव को लेकर गठबंधन के सवाल पर कहा कि लोकसभा चुनाव में अभी देरी है वक्त आने पर बताया जाएगा। अखिलेश, मायावती अलग अलग चुनाव लड़ रहे है कोई तीसरा मोर्चा नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि वंचित समाज (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) का सबसे बड़ा दुश्मन मायावती और अखिलेश यादव को बताया है।

ओपी राजभर ने सपा पर पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया है उन्होंने कहा कि चोरी चोरी समाजवादी पार्टी सुभासपा को कमजोर करने का काम कर रही थी। जिस नेता को हमने गाड़ी, पैसा, तेल सारी व्यवस्था को देकर चलाते थे एकाएक उसके दरवाजे पर 10 बड़ी गाड़ी, मोटरसाइकिल पहुंच रही है।

चोरी परसों पकड़ ली गई है- राजभर

राजभर ने कहा कि उनकी चोरी परसों पकड़ ली गई है जिसको गाड़ी और पैसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वो कह रहे है कि हम अखिलेश से नहीं मिले है और अखिलेश के नवरत्न कह रहे है कि वो अपनी गाड़ी से आये है और उनको अपनी गाड़ी में बैठाकर अखिलेश यादव से मिलवाने ले गए थे। राजभर ने पूछा कि इसमे कौन सी चोरी है। उन्होंने कहा कि नेता को सीना ठोककर जाना चाहिए जैसे हम मिलने जाते हैं।
दरअसल, ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव समाज पार्टी छोड़ चुके उनके पुराने साथी महेंद्र राजभर का अरुण राजभर ने एक वीडियो बनाया है। जिसमें वो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर के पास थे उन्होंने कई एंगल से उनका वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो के जरिये अरुण राजभर ने आरोप लगाया कि महेन्द्र राजभर ने सपा के इशारे पर सुभासपा को तोड़ने के लिए सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी सपा का सहयोग कर रही है।