UP Weather: लखनऊ में 24 घंटे में हुई इतनी बारिश, टूट गया 36 सालों का रिकॉर्ड… आज यहां के लिए येलो अलर्ट

Uttar Pradesh Weather Today: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को हुई तेज बारिश ने 36 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विज्ञानियों का दावा है कि राजधानी लखनऊ में 36 सालों में यह रिकॉर्ड बारिश हुई है। इससे पहले सितंबर 1985 में 24 घंटे में 177.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी। गुरुवार से शुक्रवार के बीच राजधानी लखनऊ में 160 मिलीमीटर बारिश हुई।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सक्रिय मॉनसून ने लंबे समय के बाद तमाम रेकॉर्ड तोड़ दिए। गुरुवार से लेकर शुक्रवार सुबह तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार सुबह 8:30 से शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 160 मिलीमीटर बारिश हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार यह इस मॉनसून सीजन की सबसे अधिक बारिश है। इसके साथ ही सितंबर की दूसरी सबसे अधिक बारिश हुई है। इससे पहले 14 सितंबर 1985 को 24 घंटे में 177.1 मिलीमीटर बारिश का ऑल टाइम रेकॉर्ड है। वहीं, शुक्रवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी कमी आई है। शुक्रवार को दिन का पारा 27.6 और रात का 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शनिवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी लखनऊ के आसमान में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार की रात में रुक-रुक कर बारिश हुई है। शनिवार को दिन में मौसम बादलों से भरा होने की उम्मीद है। हालांकि, तेज बारिश की संभावना नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार, राजधानी में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। निदेशक जेपी गुप्ता ने गुरुवार को मध्य यूपी की तरफ बढ़ा हुआ कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ रहा है। इसके असर से लखनऊ में शनिवार को बादलों की आवाजाही बरकरार रहेगी। शहर में कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग ने गरज चमक के साथ आंधी तूफान की चेतावनी जारी की है।

बना हुआ है कम दबाव का क्षेत्र
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बना गहरा कम दबाव का क्षेत्र गुरुवार तक मध्य यूपी की तरफ बढ़ा था। इसी के चलते शहर समेत आसपास के जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार से शनिवार सुबह तक तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। हालांकि शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हुआ। अब इसके पूर्व की तरफ बढ़ने से यूपी के तराई जिलों और उत्तराखंड से सटे जिलों में शनिवार को तेज बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। इस दौरान शहर में बदली छाई रहेगी और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

अत्याधिक बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गोरखपुर, संतकबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोंडा और आसपास के लिए शनिवार को येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, गाजीपुर और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है‌।