
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कच्ची, ताजी सब्जियों को सभी लोगों को अपने दैनिक आहार का हिस्सा जरूर बनाना चाहिए। जूस के रूप में इसका सेवन करना आपके लिए काफी बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि इस बात का हमेशा ध्यान रहे कि ताजी सब्जियों के जूस के ही लाभ हैं। फ्रोजन या डिब्बाबंद जूस को ज्यादा फायदेमंद नहीं माना जाता है। इसलिए रोजाना हरी-ताजी सब्जियों के जूस के सेवन की आदत बनाएं। आइए जानते हैं कि आहार में किन सब्जियों के मिक्स जूस के शामिल करके बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सकता है?

गाजर के जूस को सेहत के लिए कई प्रकार से लाभकारी माना जाता है। गाजर अपने थोड़े मीठे स्वाद और प्रभावशाली पोषक तत्व के कारण हमेशा से पसंद किया जाता रहा है। इसमें कैलोरी कम होने के साथ विटामिन ए, बायोटिन और पोटेशियम की अधिकता होती है जो शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने के लिए अति आवश्यक है। गाजर आंखों और हृदय की सेहत के लिए काफी फायदेमंद माने जाते रहे हैं।

ब्रोकोली को सेहत के लिए सबसे फायदेमंद सब्जियों में से एक माना जाता रहा है। इसमें पोटेशियम और विटामिन ए, बी 6, तथा सी जैसे प्रमुख सूक्ष्म पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के संपूर्ण कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ब्रोकली में केम्पफेरोल भी पाया जाता है जो एक शक्तिशाली यौगिक है और रोग पैदा करने वाले मुक्त कणों को बेअसर करके, सूजन को कम करने में मदद करता है। टेस्ट-ट्यूब अध्ययन में इसे कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को कम करने के लिए भी काफी लाभकारी पाया गया है।

पालक को इसके अद्भुत स्वास्थ्य लाभ के लिए सबसे फायदेमंद साग में से एक माना जाता है। पालक विटामिन ए और सी से भरपूर होने के साथ क्वेरसेटिन, केम्पफेरोल, और ल्यूटिन जैसे एंटीऑक्सिडेंट्स का स्रोत माना जाता है। पालक भी नाइट्रेट से भरपूर होता है, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। 27 लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि 7 दिनों तक पालक का सेवन करने से सिस्टोलिक और डायस्टोलिक रक्तचाप को कंट्रोल करने में काफी मदद मिल सकती है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।