Vikramaditya has been deluded by his dreams of becoming CM: Kusum Sadret

सीएम बनने के ख्वाब देख बहक चुके हैं विक्रमादित्यः कुसुम सदरेट

शिमला। भाजपा प्रदेश सचिव एवं नगर निगम शिमला की पूर्व महापौर कुसुम सदरेट ने कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह के बयान पर पलटवार किया। विक्रमादित्य सिंह ने बीते दिनों शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सरकारी कर्मचारियों और अध्यापकों के खिलाफ अंट-शंट बयानबाजी की थी। उन्होंने विक्रमादित्य सिंह द्वारा एक मंच से शिक्षकों के खिलाफ की गई बयानबाजी की जमकर निंदा की है। कुसुम सदरेट ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह कांग्रेस की सरकार बनने पर अध्यापकों को तबादले की धमकी दे रहे हैं, जो सरेआम उनकी ओच्छी राजनीति और घटिया मानसिकता को दर्शा रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभ्द्र सिंह के निधन के बाद अब कांग्रेस अलग-थलग हो चुकी है और विक्रमादित्य सिंह संतुलन भी खो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमादित्य सिंह प्रदेश में सीएम बनने के ख्वाब देख बहक चुके हैं। यानी वीरभद्र सिंह के निधन के बाद कांग्रेस में कोई बड़ा नेता नहीं होने के कारण विक्रमादित्य सिंह खुद को मुख्यमंत्री प्रत्याशी समझ रहे हैं। उन्होंनेे विक्रमादित्य सिंह को दो टूक शब्दों में जवाब देते हुए कहा कि आपका ख्वाब सिर्फ ख्वाब ही रह जाएगा। प्रदेश में जयराम सरकार की लोकप्रियता और कांग्रेस में गुटबाजी को देख विक्रमादित्य सिंह बहकी-बहकी बातें कर रहे हैं।