Viral News: पतियों की आवाज बुलंद करने वाला शख्स खुद अपनी पत्नी से था परेशान, साबरमती में कूदकर दी जान

मृतक कीर्ति की शादी 2016 में पुष्पा राठौर से हुई थी। आरोप है कि शादी के दो साल तक सामान्य जीवन चला, मगर इसके बाद कीर्ति की पत्नी पुष्पा रोजाना झगड़ा करने लगी। वह झगड़े के दौरान अपने पति कीर्ति को पीटा भी करती थी।

husband-wife
अहमदाबाद: पत्नियों के अत्याचार से परेशान पतियों की आवाज उठाने वाले शख्स ने खुद ही पत्नी की पिटाई से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।यह मामला गुजरात के अहमदाबाद से सामने आया है। मृतक के बड़े भाई ने साबरमती रिवरफ्रंट (वेस्ट) पुलिस को मामला दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मृतक ने पत्नी के रोजमर्रा के झगड़ों और प्रताड़ना से परेशान होकर साबरमती नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक कीर्ति देवड़ा ‘पत्नी अत्याचार विरोध संघ’ में काम करता था।

शिकायतकर्ता मनोज देवड़ा ने बताया कि उसके छोटे भाई कीर्ति की शादी 2016 में पुष्पा राठौर से हुई थी। शादी के दो साल तक सामान्य जीवन चला, मगर इसके बाद कीर्ति की पत्नी पुष्पा रोजाना झगड़ा करने लगी। वह झगड़े के दौरान कीर्ति को पीटा भी करती थी। देवड़ा ने अपनी शिकायत में कहा है कि 30 जून को पुष्पा ने अपने पति कीर्ति को घर की सफाई को लेकर झाड़ू से मारा था। इसके बाद मनोज ने पुष्पा के घरवालों को बुलाया था। कीर्ति ने पुष्पा को मायके जाने के लिए कहा था, लेकिन पुष्पा ने जाने से इनकार कर दिया।


साबरमती नदी में मिला कीर्ति का शव

देवड़ा ने बताया कि एक जुलाई को कीर्ति पत्नी पुष्पा के साथ जीवाराज पार्क स्थित उसके घर गया था। मगर वह लौटकर अपने घर नहीं आया। उसी दिन उसका शव साबरमती नदी में मिला। उधर पुलिस को इस मामले में एक वीडियो भी मिला है, जिसमें वह पत्नी से प्रताड़ित होने की बात कहता है। पुलिस ने कीर्ति की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।