Anand Mahindra Viral Video : आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है। यह वीडियो फोल्डेबल घर का है। करीब 40 लाख रुपये में 500 वर्ग फुट का घर। इसे कहीं भी ले जाकर रखा जा सकता है। महिंद्रा ने कहा कि आपदा के बाद यह एक अच्छा शेल्टर होम हो सकता है।

जानिए महिंद्रा ने क्या कहा
आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ’40 लाख रुपये में एक अन-फोल्डेबल, 500 वर्ग फुट का घर। संभव है कि इसे भारत में कम कीमत पर बना लिया जाए। किसी आपदा के बाद शेल्टर होम के रूप में यूज करने के लिए यह परफेक्ट है। किफायती घर उपबल्ध कराने की हमारी समस्या का हल इनोवेशन है।’ जोशीमठ (Joshi Math) में घरों में आ रही दरारों के बीच लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में अगर भारत में इस तरह के घर होते, तो लोगों के पास एक विकल्प हो सकता था।
लोगों ने कहा- रखेंगे कहां?
महिंद्रा की इस पोस्ट पर यूजर्स तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘फोल्डेबल होम ठीक हैं। लेकिन 40 लाख की कीमत के साथ ये अफोर्डेबल नहीं हो सकते। पहले तो आपको इसे रखने के लिए जमीन नहीं मिलेगी। शहरों में जमीन बहुत महंगी है।’ वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘100 वर्ग फुट के 8 लाख? प्रॉपर कंक्रीट फाउंडेशन और लोहे के पिलर वाले कंस्ट्रक्शन की लागत 2 से 2.5 लाख प्रति 100 वर्ग फुट है।’
10 लाख से कम हो कीमत
एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘मुझे लगता है कि महिंद्रा जी को इस कारोबार में पहल करनी चाहिए। भारत में इन घरों का 10 लाख से कम कीमत में होना बहुत महत्वपूर्ण है। महिंद्रा ग्रुप भारत में लोगों के लिए ड्रीम होम के सपने को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।’ एक दूसरे यूजर ने कहा, ‘निश्चित रूप से भारत इसे कम कीमत पर बना सकता है।’