Vivek Agnihotri: विवेक अग्निहोत्री का अयान मुखर्जी और करण जौहर को ताना- ये ब्रह्मास्त्र भी ठीक से नहीं बोल पाते

‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में करण जौहर और अयान मुखर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र’ की स्टार कास्ट रणबीर कपूर और आलिया भट्ट को भी नहीं बख्शा।

‘द कश्मीर फाइल्स’ मूवी से पॉप्युलैरिटी बटोरने वाले फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री अपने बेबाक बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में ‘ब्रह्मास्त्र’ के डायरेक्टर अयान मुखर्जी और करण जौहर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अयान तो सही से ‘ब्रह्मास्त्र’ तक नहीं बोल सकते। वहीं, करण को लेकर बोले कि कैसे वो अपनी फिल्मों में LGBTQ कम्युनिटी के लोगों का मजाक उड़ाते हैं। आइये डिटेल में जानते हैं कि विवेक ने क्या कहा।

एक न्यूज पोर्टल को दिए इंटरव्यू में विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) ने अयान मुखर्जी की अपकमिंग मूवी ‘ब्रह्मास्त्र’ की स्टार कास्ट रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि मेकर्स को तो इसका अर्थ भी नहीं पता होगा और वे ‘अस्त्र वर्स’ के बारे में बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि अयान ‘ब्रह्मास्त्र’ का उच्चारण भी नहीं कर सकते हैं।

विवेक ने अयान की तारीफ भी की

हालांकि, विवेक ने अयान (Ayan Mukerji) की तारीफ भी की। उन्होंने आगे कहा कि अयान एक शानदार डायरेक्टर हैं। उन्होंने ‘वेक अप सिड!’ और ‘ये जवानी है दीवानी’ बनाई है। विवेक ने कुशाल मेहरा से कहा कि जैसे मां अपने बच्चे को लेकर चिंतिंत रहती है, वैसे ही वो अयान के लिए कंसर्न्ड हैं।
करण जौहर पर साधा निशाना

इसके बाद विवेक ने करण जौहर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कैसे करण जौहर जैसे लोग LGBTQ एक्टिविस्म के बारे में बात करते हैं, लेकिन वे खुद अपनी फिल्मों में इसका मजाक उड़ाते हैं।

9 सितंबर को रिलीज होगी मूवी

‘ब्रह्मास्त्र’ (Brahmastra) फिल्म की बात करें तो ये तीन पार्ट में बनी है, जिसका पहला पार्ट 9 सितंबर 2022 को रिलीज होगा। इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, नागार्जुन, अमिताभ बच्चन और मौनी रॉय सहित कई स्टार्स है। बताया जा रहा है कि मूवी में शाहरुख खान भी कैमियो में होंगे। हालांकि, शाहरुख के साथ रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के भी नामों की चर्चा हो रही है। मतलब फिल्म में सरप्राइज पैकेज भी है, जिसके बारे में थियेटर जाकर ही पता चलेगा। इसे अयान मुखर्जी ने डायरेक्ट किया है और करण जौहर फिल्म के प्रोड्यूसर्स में से एक हैं।

‘दिल्ली फाइल्स’ लेकर आएंगे विवेक

विवेक अग्निहोत्री की बात करें तो उनकी ‘द कश्मीर फाइल्स’ मूवी जबरदस्त हिट रही थी। बहुत ही कम बजट (लगभग 50 करोड़) में बनी इस फिल्म ने 200 करोड़ से ज्यादा कमाए थे। अब विवेक ‘दिल्ली फाइल्स’ लेकर आएंगे, जिसकी तैयारी वो जोरशोर से कर रहे हैं।