सोलन में अगले 5 दिन मौसम साफ:न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट

हिमाचल के सोलन में अगले 5 दिन मौसम साफ रहने वाला है। हालांकि पिछले दिनों हुई लगातार बारिश की वजह से न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है। बागवानी व वानिकी यूनिवर्सिटी नौणी के पर्यावरण विज्ञान विभाग की एडवाइजरी के अनुसार जिला में इस दौरान न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। एडवाइजरी के मुताबिक यह समय लहसुन, गोभी, गाजर, मूली, शलगम व मैथी की बुवाई के लिए सही समय है।

जिला में 22 से 26 अक्टूबर तक लगातार 4 दिन बारिश होती रही। इससे मौसम ठंडक वाला हो गया। बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन हुआ और पहाड़ी से चट्टाने और मलबा सड़क पर आ गया था। अभी भी चंबाघाट से वाकनाघाट के बीच पहाड़ी से पत्थर गिरने के खतरे के कारण फोरलेन की पहाड़ी वाली साइड को ट्रैफिक के लिए बंद रखा गया है। इस बरसात में सोलन जिला में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। इससे सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। संपर्क सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

नौणी यूनिवर्सिटी के पर्यावरण विज्ञान विभाग के HOD डॉ. एसके भारद्वाज ने कहा कि मौसम साफ रहने पर किसानों के लिए गोभी, गाजर, लहसुन, मूली, शलगम व मैथी की बुवाई का समय है। किसान खड़ी फसलों में खरपतवार को नियंत्रित करने के लिए निराई-गुड़ाई करें।