25 फरवरी से हिमाचल में बिगड़ेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में 25 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर 26 व 27 फरवरी को प्रदेश भर में देखने को मिलेगा। प्रदेश के मैदानी जिलों में बारिश जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 25 फरवरी से हिमाचल प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रही है, जिसके चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले जिलों लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा जिलों में बर्फबारी की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में बारिश होने का अनुमान लगाया गया है।

इस दौरान तापमान में भी हल्की गिरावट हो सकती है जबकि वीरवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। 27 फरवरी के बाद भी मौसम के साफ रहने का अनुमान लगाया गया है, जिससे दिन के तापमान में वृद्धि होगी।