कौन है यह गुमनाम शख्स जो बना है मुकेश अंबानी का राइट हैंड? रिलांयस के हर बड़े फैसले के पीछे इसका दिमाग

Who is Manoj Modi : मनोज मोदी रिलायंस ग्रुप के बेहद पावरफुल पर्सन हैं। वे मुकेश अंबानी के कॉलेज के दोस्त हैं। उन्हें एमएम के नाम से भी जाना जाता है। रिलायंस ग्रुप के हर बड़े कदम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे मुकेश अंबानी के राइट हैंड कहलाते हैं।

Who is Manoj Modi

 

नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) देश के सबसे बड़े कारोबारी घरानों में से एक है। जब हम रिलायंस ग्रुप (Reliance Group) के सबसे पावरफुल लोगों की बात करते हैं, तो अंबानी परिवार के लोगों के नाम ध्यान में आते हैं। मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी। रिलायंस ग्रुप के बड़े कारोबारों को ये लोग ही लीड करते हैं। लेकिन इस ग्रुप में एक ऐसा अनजान शख्स भी है, जिसका रिलायंस के हर बड़े प्रोजेक्ट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान होता है। ये मनोज मोदी (Manoj Modi) हैं। मनोज मोदी को कारोबारी जगत के लोग मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) का राइट हैंड भी कहते हैं। ये अंबानी के क्लासमैट रहे हैं। अंबानी ने अपने रिलेटिव और दोस्तों को ग्रुप में अहम भूमिकाओं पर रखा हुआ है।

मुकेश अंबानी के राइट हैंड

मनोज मोदी (Manoj Modi) वह व्यक्ति हैं, जिन्हें देश में और देश के बाहर बहुत कम लोग जानते हैं। खबरों में भी आपको इनका नाम शायद ही दिखाई पड़ेगा। लेकिन ये रिलायंस ग्रुप के सबसे पावरफुल लोगों में आते हैं। रिलायंस ग्रुप के बड़े फैसलों के पीछे इनका दिमाग होता है। कारोबारी दुनिया के लोग इन्हें मुकेश अंबानी का राइट हैंड मानते हैं। इन्हें एमएम (MM) के नाम से भी जाना जाता है।

लंबे समय तक नहीं था कोई पद लेकिन पावर हर पद की

मनोज मोदी के पास लंबे समय तक कोई पद नहीं था। लेकिन उनके पास पावर हर पद से बड़ी होती है। लंबे समय तक वे आधिकारिक रूप से किसी बिजनस के हेड नहीं थे। लेकिन रिलायंस ग्रुप (Reliance Group) के हर बड़े कदम में उनकी भूमिका होती है। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries Limited) का कोई नामित सीईओ नहीं है। लेकिन कोई है, जिसके पास इस पद के बराबर पावर है, तो वे मनोज मोदी ही हैं। मनोज मोदी इस समय रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) के डायरेक्टर हैं।

कॉलेज के दोस्त

मनोज मोदी, मुकेश अंबानी के इंजीनियरिंग कॉलेज के क्सालमैट रहे हैं। ये दोनों कॉलेज टाइम से ही दोस्त हैं। दोनों ने मुंबई यूनिवर्सिटी (Mumbai University) में एक साथ इंजीनियरिंग की थी। दोनों के पास ही केमिकल इंजीनियरिंग (Chemical Engineering) में बैचलर डिग्री है।

तीन पीढ़ियों के साथ किया काम

मनोज मोदी साल 1980 में रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुडे़ थे। इन्होंने अंबानी फैमिली की तीन पीढ़ियों के साथ काम किया है। एमएम ने धीरूभाई अंबानी के बाद मुकेश अंबानी और अब ईशा, आकाश और अनंत अंबानी के साथ काम किया है। साल 2007 में मनोज मोदी को डायरेक्टर की पोस्ट दी गई थी। ये हजीरा पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, जामनगर रिफाइनरी, पहला टेलीकॉम बिजनस, रिलायंस रिटेल और 4जी रोलआउट जैसे रिलायंस के कई बड़े प्रोजेक्ट्स से जुड़े रहे हैं।