महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायका पक्ष ने ससुरालियों पर जड़ा बेटी की हत्या का आरोप

woman dies under suspicious circumstances

पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत आते गुरचाल में 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत गई। मृतका की पहचान मैताली पत्नी अभिनव के रूप में की गई है। मृतका अपने पीछे 2 साल की बेटी छोड़ गई है। वहीं मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या…

नूरपुर : पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत आते गुरचाल में 28 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत गई। मृतका की पहचान मैताली पत्नी अभिनव के रूप में की गई है। मृतका अपने पीछे 2 साल की बेटी छोड़ गई है। वहीं मृतका के मायका पक्ष ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका की माता रीता देवी, पिता राकेश कुमार व ताई सुदर्शना देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 2019 में नूरपुर के गुरचाल के रहने वाले अभिनव से हुई थी जोकि पेशे से ड्राइवर है।

मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष (पति, ससुर व ननद) पर उनकी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को पहले भी दहेज के लिए तंग किया जाता था। अभी हाल ही में वह मायके से गैस चूल्हा लेकर गई थी। मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष को गिरफ्तार करने व सजा देने की मांग की है। मायका पक्ष के अनुसार उन्हें पिछले कल पुलिस द्वारा सूचित किया गया कि उनकी बेटी बहुत बीमार है और नूरपुर सिविल अस्पताल में  है। जब थोड़ी देर बाद फिर फोन आया तो बताया गया कि आपकी बेटी की मौत हो गई है। जब हम अस्पताल पहुंचे तो ससुराल पक्ष का कोई भी व्यक्ति वहां पर मौजूद नहीं था व मृतका की 2 वर्षीय बेटी इधर-उधर धूम रही थी।

उधर, एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतका के पति का फोन आया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। उन्हें जैसे ही इस मामले के बारे मे जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत एसएचओ नूरपुर को मौके पर भेजा। पुलिस ने 498 ए व आईपीसी की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है। फोरैंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों काे सौंप दिया गया है