World’s Largest Flower: इंडोनेशिया के जंगल में खिला दुनिया का सबसे बड़ा फूल, आकार और वजन कर देगा हैरान

इंडोनेशिया के जंगलों में दुनिया का सबसे बड़ा फूल मिला है। इस फूल का नाम रैफलेसिया है। पूरा खिलने पर इस फूल का व्यास तीन फीट तक हो सकता है। बाकी फूलों की तरह इसमें से सुगंध की जगह सड़ी लाश जैसी दुर्गंध आती है। इस फूल को खोजने वाले व्यक्ति ने वीडियो बनाकर ऑनलाइन शेयर भी किया है।

Flower
दुनिया का सबसे बड़ा फूल रैफलेसिया
जकार्ता: इंडोनेशिया में एक आदमी को जंगल में ट्रैकिंग के दौरान दुनिया का सबसे बड़ा फूल मिला है। इस फूल का नाम रैफलेसिया (Rafflesia) है। पूरा खिलने पर इस फूल का व्यास तीन फीट तक हो सकता है। बाकी फूलों की तरह इसमें से सुगंध की जगह सड़ी लाश जैसी दुर्गंध आती है। इस फूल को खोजने वाले व्यक्ति ने वीडियो बनाकर ऑनलाइन शेयर भी किया है। इतने बड़े आकार का फूल देखकर लोग तरह-तरह की चर्चा भी कर रहे हैं। इंडोनेशिया के सुमात्रा में पाया जाने इस फूल को ‘मुर्दा पौधा’ कहा जाता है। पूर्ण रूप से खिलने के बाद इसका वजन 7 किलोग्राम तक हो सकता है।

इंडोनेशिया के जंगल में मिला यह फूल
इस फूल के वीडियो को नाउ दिस नाम के ट्विटर हैंडल ने पोस्ट किया है। शेयर की गई क्लिप में विशाल फूल को जंगल में जमीन पर पड़ा हुआ दिखाया गया है। इस लाल फूल में पूर्ण रूप से खिलने के बाद सफेद धब्बों वाली पांच पंखुड़ियां होती हैं। वीडियो शूट करने वाले व्यक्ति ने जैसे ही कैमरा उस फूल के अंदर जूम इन किया, उसे बीच में मधुमक्खियों का विशाल झुंड नजर आया। रैफलेसिया की करीब 20 प्रजातियां पूरी दुनिया में मौजूद हैं, जिनमें से आठ इंडोनेशिया और मलेशिया में पाई जाती हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों में चर्चा
इस फूल का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते ही लोगों ने प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। एक यूजर ने लिखा कि यह किसी एलियंस जैसे दिख रहा है। दूसरे ने लिखा कि यह फूल न दिखकर किसी दैत्य जैसे नजर आ रहा है। वैज्ञानिकों ने बताया कि यह रहस्यमय परजीवी पौधा जमीन से जुड़ा होता है। पूरी तरह खिलने के बाद यह एक दिन तक ही अपने आकार में बना रहता है। अगले दिन यह फूल किसी सड़े हुए मशरूम की तरह अपने तने से अलग होकर गिर जाता है। इससे तेज गंध भी आती है, जिसे सहन करना काफी मुश्किल होता है।

विलुप्त हो रहा है यह फूल
यह फूल दुर्लभ प्रजाति का माना जाता है। पूर्ण रूप से खिलने के बाद यह चार फीट तक बड़ा हो सकता है। इन फूलों के पौधे केवल इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर पैदा होता है। सुमात्रा में लगातार जंगल खत्‍म हो रहे हैं जिससे यह पौधा अब विलुप्‍त होने की कगार पर पहुंच गया है। अब इन्‍हें बचाने के लिए दुनियाभर में प्रयास किए जा रहे हैं।