WPL 2023: मुंबई इंडियंस को बेदखल कर टॉप पर दिल्ली कैपिटल्स, रोमांचक हुई महिला IPL की जंग

WPL 2023:महिला प्रीमियर लीग में आज दो मुकाबले थे। पहले मैच का नतीजा आखिरी ओवर में आया तो दूसरा मुकाबला एकतरफा अंदाज में खत्म हुआ। मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स ने 11 ओवर पहले ही हरा दिया।

delhi capitals wpl

नवी मुंबई: तेज गेंदबाज मरीजान काप (चार ओवर में 13 रन पर दो विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी के बाद एलिस कैप्सी, शेफाली वर्मा और कप्तान मैग लानिंग की आतिशी बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को नौ विकेट से शिकस्त दी। इस तरह महिला प्रीमियर लीग की अंक तालिका की टॉप-2 टीमों के बीच मुकाबले में दिल्ली की टीम ने मुंबई को आठ विकेट पर 109 रन पर रोकने के बाद महज नौ ओवर में एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।

मिल गई प्लेऑफ की तीनों टीमें
इस जीत से दिल्ली कैपिटल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई जबकि मुंबई इंडियंस की टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई। दोनों टीमों के सात मैच में 10-10 अंक है, लेकिन इस जीत के बाद दिल्ली का नेट रन रेट मुंबई से बेहतर हो गया। लीग चरण में शीर्ष पर रहने वाली टीम फाइनल में सीधे क्वालीफाई करेगी जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। दिल्ली और मुंबई के अलावा यूपी वारियर्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम है।


11 ओवर पहले साधा लक्ष्य

दिल्ली ने छोटे लक्ष्य का पीछा आक्रामक अंदाज में किया। शेफाली वर्मा और कप्तान मैग लानिंग ने 27 गेंद में 56 रन की साझेदारी की, जिसमें भारतीय बल्लेबाज ने 15 गेंद में 33 रन का योगदान दिया। शेफाली ने अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का जड़ा। इस साझेदारी को हेली मैथ्यूज ने शेफाली को आउट कर तोड़ा। इसके बाद क्रीज पर आई, कैप्सी ने कप्तान लानिंग के साथ 27 गेंद में 54 रन की अटूट साझेदारी की। उन्होंने 17 गेंद की नाबाद पारी में एक चौका और पांच छक्कों की मदद से 38 रन बनाए। लानिंग 22 गेंद में चार चौके और एक छक्का की मदद से 32 रन पर नाबाद रही।

मुंबई के बैटर्स ने किया निराश

इससे पहले मैन ऑफ द मैच काप ने पारी के तीसरे ओवर में लगातार गेंदों पर यास्तिका भाटिया (एक) और नैट साइवर-ब्रंट (शून्य) को आउट कर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया। टीम इन झटको से उबर नहीं पाई। उन्हें शिखा पांडे और जेस जॉनासेन का अच्छा साथ मिला। दोनों ने दो-दो विकेट लिये। मुंबई के लिए पूजा वस्त्राकर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर और इस्सी वोंग ने 23-23 का योगदान दिया। हरमनप्रीत और वस्त्राकर के बीच पांचवें विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी मुंबई के लिए सर्वाधिक रही।