छह घंटे बाद खुला यमुनोत्री हाईवे, पहाड़ों पर बर्फबारी, बिजली गिरने से मरीं 36 बकरियां

खनेड़ा के पास चट्टान दरकने के कारण अवरुद्ध हुआ यमुनोत्री हाईवे छह घंटे बाद खुल गया है। हाईवे पर सुबह से यातायात ठप था। यमुनोत्री धाम जाने व आने वाले तीर्थयात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर यमुनोत्री और गंगोत्री की चोटियों पर बर्फबारी जारी है।

यमुनोत्री हाईवे बंद

यमुनोत्री और गंगोत्री की ऊंची चोटियों पर शुक्रवार रात से हिमपात जारी है। पहाड़ों पर कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं। वहीं दूसरी ओर देर रात से हो रही बारिश से यमुनोत्री राजमार्ग खनेड़ा के पास चट्टान दरकने के कारण बंद  हो गया था। जोकि छह घंटे बाद खोला जा सका।

शनिवार को यमुनोत्री हाईवे खनेड़ा के पास चट्टान दरकने के कारण अवरुद्ध हो गया था। हाईवे पर सुबह से यातायात ठप था। यमुनोत्री धाम जाने व आने वाले तीर्थयात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे थे। एनएच की मशीनें हाईवे खोलने में जुटी रही। 

एनएच ने तीर्थयात्रियों की आवाजाही के लिए हाईवे को जल्द खोलने का दावा किया थ। छह घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात बहाल किया जा सका। वहीं यमुनाघाटी क्षेत्र में देर रात से रुक रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि हाईवे खोल दिया गया है और यातायात सुचारु कर दिया गया है। 

दूसरी ओर मोरी ब्लॉक के चांगसिल बुग्याल में बिजली गिरने से 36 भेड़-बकरियां मर गईं। वाइल्ड लाइफ सेंचुरी क्षेत्र के भीतरी गांव के ग्रामीणों की भेड़ बकरियां आजकल चुगान पर बुग्याल क्षेत्र में है। भीतरी गांव के प्रधान राजीव कुंवर ने इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। स्थानीय प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेज दी है। तहसीलदार चमन सिंह ने बताया कि राजस्व उप निरीक्षक को मौके पर भेज दिया है।