कांगड़ा में अल सुबह कुएं में गिर गया युवक, अग्निशमन कर्मियों ने किया रेस्क्यू

नगर परिषद कांगड़ा के तहत वार्ड नंबर 4 की है घटना

कांगड़ा में अल सुबह कुएं में गिर गया युवक, अग्निशमन कर्मियों ने किया रेस्क्यू

कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा के वार्ड नंबर 4 में सुबह एक युवक कुएं में गिरा हुआ पाया गया। युवक के कुएं में गिरे होने की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कुएं में अंदर जाकर कर्मचारियों ने युवक को बाहर निकाला। युवक कुए के अंदर कैसे गिरा यह रहस्य बना हुआ है क्योंकि कुएं के ऊपर नगर परिषद कांगड़ा की ओर से जाला लगाया गया है। युवक को कांगड़ा अस्पताल में दाखिल कराया गया है और बयान लेने के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठेगा कि युवक कुएं में कैसे गिरा।

घटना अल सुबह 5 बजे की है। वार्ड 4 के निवासी सचिन शर्मा ने 5:10 पर अग्निशमन विभाग कर्मचारियों को फोन पर जानकारी दी। युवक की पहचान 30 वर्षीय प्रभात सिंह निवासी तरसू के रूप में हुई है। युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रभात कांगड़ा के डूंगा बाजार में एक निजी रेस्टोरेंट में काम करता है। अग्निशमन विभाग कांगड़ा के अधिकारी अशोक कुमार ने बताया युवक को बचाने के लिए सुबह 5: 15 बजे ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था और विभाग के 2 कर्मचारियों को रस्सी के सहारे कुएं के अंदर भेजा गया जिन्होंने युवक को रस्सी बांधकर बाहर निकाला। उन्होंने बताया इस रेस्क्यू ऑपरेशन को खत्म करने के लिए करीब आधे घंटे का समय लगा और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की बदौलत युवक की जान बच गई। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों द्वारा जान हथेली पर रखकर युवक की जान बचाने की कार्य की कांगड़ा में भरपूर प्रशंसा की जा रही है