कोलार में दिनदहाड़े युवक की चाकूओं से गोदकर हत्या

आरोपियों ने मामूली बात पर महेश के सीने में चाकू मार दिया और फरार हो गए। इसके बाद परिजन घायल महेश को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

युवक की हत्या (सांकेतिक)
युवक की हत्या

भोपाल के कोलार इलाके में एक युवक की मामूली बात पर बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक महेश का एक बदमाश के साथ कहासुनी हुई थी। इससे गुस्साएं आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ उसकी पिटाई शुरू कर दी और एक ने उसके सीने पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

कोलार थाना पुलिस के अनुसार कान्हा कुंज कोलार निवासी महेश सोनकरे मजदूरी का काम करता था। उसका सोमवार को अपने घर के पास एक नशेड़ी से किसी बात पर विवाद हो गया। महेश के समझाने के बाद वह नहीं माना और झूमाझटकी करने लगा। इस पर महेश ने उसकी पिटाई कर दी। यह घटना की जानकारी नशेड़ी के बेटे को लग गई। वह अपने दोस्तों के साथ महेश के पास पहुंचा और उसके साथ उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोपियों के साथ एक नाबालिक भी था। इस बीच महेश की मां ने बीच बचाव किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। उन्होंने उसकी मां को हटा कर महेश के सीने में चाकू मार दिया। और फरार हो गए। इसके बाद परिजन घायल महेश को लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को धरपकड़ शुरू कर दी है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपी अभी फरार हैं।